national
VIDEO: राहुल गांधी बोले- अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान करा रहा बात, भारत बना साइड प्लेयर

राहुल गांधी ने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों के साथ बातचीत की. इस दौरान कहा कि भारत का आकार, इतिहास और दूसरे देशों के साथ उसके संबंध उसे वैश्विक मामलों में बड़ी भूमिका निभाने का हक देते हैं. इसके बावजूद भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर पीछे हटता दिखाई दे रहा है. राहुल गांधी ने अपनी बातचीत का वीडियो एक्स पर शेयर भी किया है.
राहुल ने कहा, "भारत हमेशा से वैश्विक राजनीति को समझने वाला देश रहा है. आजादी के बाद से ही हमारी विदेश नीति स्वतंत्र सोच पर आधारित थी. हम वही करते थे, जो भारत के हित में होता था. लेकिन आज भारत एक साइड प्लेयर बन गया है. हम मंच से पीछे हट गए हैं. हमारे पास आवाज और विचार हैं, लेकिन दुनिया में हमारी राय सुनाई नहीं दे रही."
उन्होंने आगे कहा, "मैं यह देखकर काफी हैरान हूं कि पाकिस्तान ईरानियों और अमेरिकियों के साथ बातचीत कर रहा है, जबकि भारत सिर्फ देख रहा है."
गुटनिरपेक्ष आंदोलन के दौर की दिलाई याद
राहुल गांधी ने आजादी के बाद भारत की विदेश नीति और गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस दौर में भारत की अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक अलग पहचान थी. देश की विदेश नीति किसी दूसरे देश के दबाव में नहीं, बल्कि अपने हितों और स्वतंत्र सोच के आधार पर तय होती थी.
उन्होंने कहा कि भारत को एक बार फिर वैश्विक मामलों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. देश के आकार, इतिहास और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को देखते हुए भारत को दुनिया के बड़े मुद्दों पर होने वाली बातचीत का हिस्सा होना चाहिए.
राहुल के मुताबिक, भारत के पास अमेरिका, ईरान, रूस समेत कई देशों के साथ संबंध हैं. ऐसे में उसे अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर सिर्फ प्रतिक्रिया देने के बजाय उन्हें प्रभावित करने की कोशिश करनी चाहिए.
बोले- नेताओं की दोस्ती से नहीं चलती भू-राजनीति
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे देशों के नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मोदी के रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति व्यक्तिगत दोस्ती के आधार पर नहीं चलती.
उन्होंने कहा, "दोस्ती मुद्दा नहीं है. दोस्ती की किसे परवाह है? क्या आपको सच में लगता है कि भू-राजनीति इस वजह से काम करेगी कि कोई नेता आपका दोस्त है? वह एक पूरी व्यवस्था का नेतृत्व कर रहा है. उसके पीछे एक पूरी आर्थिक व्यवस्था है."
राहुल ने कहा कि वैश्विक राजनीति में फैसले आर्थिक व्यवस्था, राजनीतिक हितों और भू-राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं. इसलिए किसी देश की विदेश नीति का आधार दूसरे नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंध नहीं, बल्कि अपने राष्ट्रीय हित होने चाहिए.
नई वैश्विक व्यवस्था में भारत की भूमिका जरूरी
राहुल गांधी ने दूसरे विश्व युद्ध के बाद बनी वैश्विक व्यवस्था में बदलाव की बात भी कही. उन्होंने कहा कि अब तक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था और वैश्विक संस्थाओं पर पश्चिमी देशों का प्रभाव रहा है, लेकिन आने वाले समय में दुनिया की व्यवस्था कई सभ्यताओं और देशों की भागीदारी से बनेगी.
उन्होंने कहा, "दूसरे विश्व युद्ध के बाद सुरक्षा व्यवस्था पश्चिमी देशों ने बनाई थी. लेकिन अगली वैश्विक व्यवस्था कई सभ्यताओं के मिलकर बनाने से तैयार होगी. 1.5 अरब लोगों की आबादी वाले देश भारत को भी इसे बनाने में भूमिका निभानी चाहिए."
राहुल ने कहा कि भारत को ऐसी वैश्विक व्यवस्था के निर्माण में योगदान देना चाहिए, जहां स्थिरता हो और सभी देशों की बात समान रूप से सुनी जाए. उन्होंने जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था सिर्फ अपनी बात रखने से नहीं, बल्कि दूसरों की बात सुनने से भी बनती है.
राहुल गांधी ने पाकिस्तान से बातचीत पर कहा- पहले आतंकवाद बंद हो
कार्यक्रम के दौरान एक पाकिस्तानी प्रतिभागी ने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या भारत और पाकिस्तान आपसी आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर साथ काम कर सकते हैं?
इस पर राहुल ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान को पहले भारत में आतंकवाद को समर्थन देना बंद करना होगा.
उन्होंने कहा, "बातचीत की गुंजाइश है, लेकिन एक बड़ी समस्या है. वह है पाकिस्तान की ओर से हमारे देश में आतंकवाद को समर्थन और बढ़ावा देना."
राहुल ने कहा कि जब तक पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को बढ़ावा दिया जाता रहेगा, तब तक भारत के लिए बातचीत करना मुश्किल है. निर्दोष लोगों की हत्या के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती. उन्होंने कहा कि जिस दिन यह सब बंद होगा, उस दिन दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावना बन सकती है.
पाकिस्तान की मध्यस्थता पर पहले भी उठे सवाल
राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका चर्चा में है. इस मुद्दे पर भारत की विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं.
मार्च 2025 में पश्चिम एशिया संकट पर हुई सर्वदलीय बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा था कि भारत वैश्विक भू-राजनीति में किसी 'दलाल देश' की भूमिका नहीं निभा सकता. उनका यह बयान उस समय आया था, जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की मध्यस्थता को लेकर चर्चा हो रही थी.
अब राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो में भारत की अंतरराष्ट्रीय भूमिका का मुद्दा उठाते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि भारत को वैश्विक मंच पर अपनी आवाज मजबूत करनी होगी और बदलती दुनिया की नई व्यवस्था बनाने में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी.
ये भी पढ़ें: अमेरिका में राहुल गांधी का दावा- भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ टूट चुकी है, BJP ने किया पलटवार