समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में फिर धंसी सड़क:शिंदे की छावनी में बड़ा गड्ढा, लोगों ने किया विरोध
ग्वालियर में शिंदे की छावनी स्थित लक्ष्मण तलैया के पास सड़क धंस गई। सड़क के बीचों-बीच अचानक एक बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे व्यस्त मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग शहर के प्रमुख रास्तों में से एक है, जहां दिनभर दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क के बीच अचानक गड्ढा बनने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। कई वाहन चालकों को गड्ढे को देखकर अचानक ब्रेक लगाने पड़े, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। लोगों ने आसपास अस्थायी रूप से बैरिकेडिंग कर वाहन चालकों को सावधानी से निकलने की सलाह दी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार सड़कें धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बारिश के दौरान कमजोर निर्माण और भूमिगत पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं को इसका कारण बताया जा रहा है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने मौके पर नारेबाजी कर नगर निगम और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने मांग की कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और पूरे क्षेत्र की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शहर में लगातार सामने आ रहे सड़क धंसने के मामलों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ऐसी सड़कों की मरम्मत और निगरानी नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।