समाचार · मध्य प्रदेश
दो दिन बाद मिला नर्मदा में डूबे पिता का शव:10 साल के लकी की तलाश जारी,जबलपुर में बेटे को बचाने उतरे पिता भी बहे
जबलपुर के चरगवां थाना क्षेत्र में भड़पुरा घाट पर नर्मदा नदी में बुधवार को डूबे पिता-पुत्र में से पिता का शव शुक्रवार को घटनास्थल से 2 किमी दूर उतराते हुए मिला, लेकिन 10 वर्षीय लकी पाटिल की तलाश अभी जारी है। शनिवार को चरगवां पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने एक बार फिर नदी में सर्चिंग शुरू कर दी है। तेज बहाव को देखते हुए नरसिंहपुर जिले की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। बेटे को बचाने में पिता भी नदी में बह गए महाराष्ट्र के जलगांव निवासी किसान गणेश पाटिल मंगलवार को पत्नी रागिनी, बेटों विराट और लकी समेत रिश्तेदारों के साथ भड़पुरा स्थित सुनील महाराज के आश्रम आए थे। बुधवार शाम आश्रम से लगे घाट पर कुछ बच्चे नहा रहे थे। इसी दौरान 10 वर्षीय लकी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। पास खड़े पिता गणेश ने बेटे को बचाने के लिए उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव में वह भी बेटे के साथ बह गए। कुछ ही देर में दोनों नदी में लापता हो गए। दोनों के डूबने का वीडियो सामने आया है। रस्सी डालकर बचाने की कोशिश, लेकिन बहाव तेज था घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पिता-पुत्र नदी में बहते नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नदी किनारे मौजूद लोगों ने रस्सी डालकर दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्चिंग शुरू की गई, लेकिन बरगी बांध के गेट खुले होने से नदी का बहाव काफी तेज था। 2 किमी दूर मिला पिता का शव गुरुवार को जबलपुर से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शुक्रवार को घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर गणेश का शव पानी में उतराता मिला। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए महाराष्ट्र रवाना हो गए। अब एसडीआरएफ और पुलिस की टीम का पूरा फोकस लकी पाटिल की तलाश पर है। नदी के तेज बहाव को देखते हुए नरसिंहपुर पुलिस को भी सूचना दी गई है, जहां संभावित स्थानों पर सर्चिंग की जा रही है। शनिवार को भी रेस्क्यू अभियान जारी है। ----------------------------------------------------------- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… 1. जबलपुर के भड़पुरा घाट में पिता- पुत्र डूबे जबलपुर जिले के भड़पुरा घाट में बुधवार को नर्मदा नदी में स्नान करने के दौरान महाराष्ट्र से आए पिता-पुत्र गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। देर रात तक दोनों को तलाशने का अभियान चला लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पढ़ें पूरी खबर… 2. जबलपुर में 24 घंटे बाद भी नहीं मिले पिता-पुत्र नर्मदा नदी के भड़पुरा घाट से बहे पिता-पुत्र का 24 घंटे बाद भी कुछ पता नहीं चल पाया है। बुधवार की शाम से लगातार चरगंवा थाना पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम तलाश करने में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक कुछ सफलता नहीं मिल पाई। पढ़ें पूरी खबर…