समाचार · हरियाणा
फतेहाबाद में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से ब्लैकआउट:ग्रामीण-शहरी इलाकों में 496 में से 110 फीडर ठप, रसोई-कारोबार पर सीधा असर
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में बिजली के निजीकरण के विरोध में चल रही तीन दिन की हड़ताल का असर अब आम जनजीवन पर भारी पड़ने लगा है। हड़ताल के चलते फतेहाबाद जिले के अधिकतर ग्रामीण और कुछ शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। जिससे ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनी हुई है। हड़ताल के पहले ही दिन कल जिले के कुल 496 बिजली फीडरों में से 110 फीडर पूरी तरह बंद हो गए। जिसके कारण लोगों की रसोई, कारोबार और रोजमर्रा के कामकाज पर सीधा असर पड़ा है। फतेहाबाद डिवीजन में 692 में से 690 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने क्विक रिस्पांस टीम बनाई है, लेकिन इसका कुछ असर देखने को नहीं मिला है। इन ग्रामीण और शहरी इलाकों में गहराया संकट हड़ताल और बिजली गुल होने से प्रभावित होने वाले प्रमुख क्षेत्रों में लहरियां, कानी खेड़ी, रहन खेड़ी, बैजलपुर, हरीपुरा, कलोठा, खैरपुर, लालवास, मढ़, काजल हेड़ी, भिरड़ाना, भट्टू, दरियापुर, हिजरावां कलां व खुर्द, पीली मंदोरी, पिरथला, ठरवी, ठरवा, भूथन कलां व खुर्द, ढाणी ढाका, बीघड़, बड़ोपल, धांगड़, भट्टू कलां व भट्टू मंडी, जांडवाला सोत्र, सूली खेड़ा, कुकडांवाली, मेहुवाला, बनगांव, मानावाली, ढिंगसरा, भोडिया, जांडली खुर्द, रामसरा, मलहड़, मताना, ढाबी, बन मंदोरी, अहली सदर, ढाणी इशर, मोहम्मदपुर रोही, खान मोहम्मद और बरसीन शामिल हैं। इनके अलावा रतिया, टोहाना, जाखल, नागपुर, भूना और फतेहाबाद के अधिकतर गांवों और शहरी वार्डों में कल दिनभर और रातभर बिजली गुल रहने की सूचना है। अनेक जगहों पर फॉल्ट ठीक करने नहीं पहुंचे कर्मचारी बिजली निगम के एसडीओ विक्की कश्यप ने पुष्टि की है कि गुरुवार को 496 में से 110 फीडर बंद रहे, लेकिन तकनीकी कर्मचारियों के हड़ताल पर होने के कारण किसी भी फॉल्ट को दूर नहीं किया जा सका। कहीं रातभर बिजली नहीं आई, तो कहीं उपभोक्ताओं द्वारा लगातार शिकायतें करने के बावजूद कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। टोहाना के कई शहरी क्षेत्रों में बुधवार देर रात से बिजली गुल हो गई, तो वहीं फतेहाबाद के सिरसा रोड, ऑटो मार्केट, सोमा सिटी, इंडस्ट्रियल एरिया और नई अनाज मंडी में भी कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पेयजल का गंभीर संकट और प्रशासनिक गुहार भूना में फीडर नंबर एक बंद होने से वार्ड नंबर 1, 15, 14 और 10 सहित हजारों उपभोक्ताओं को भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार रात से बिजली न होने के कारण घरों की टंकियों में पानी तक नहीं चढ़ पाया है।