समाचार · दिल्ली
Vande Bharat Sleeper Train: वाराणसी-दिल्ली के बीच 31 अक्टूबर से दौड़ सकती है वंदे भारत स्लीपर, प्रयागराज से कितना लगेगा किराया?

Vande Bharat Sleeper Train( पवन तोमर की रिपोर्ट) : उत्तर प्रदेश के वाराणसी से नई दिल्ली के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर प्रयागराज के यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. इस ट्रेन के 31 अक्टूबर से शुरू होने की चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, रेलवे की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ट्रेन शुरू होने पर प्रयागराज से दिल्ली का सफर मौजूदा प्रयागराज एक्सप्रेस के मुकाबले काफी महंगा पड़ सकता है. थर्ड एसी का अनुमानित किराया 2000 रुपये के पार जा सकता है. वहीं, सेकेंड और फर्स्ट एसी में यात्रियों को और ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है. ऐसे में जानिए इस ट्रेन में सफर के लिए कितना किराया देना पड़ सकता है और यात्रियों को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी.
वंदे भारत स्लीपर में मिलेंगी तीन श्रेणियां
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में यात्रियों को तीन श्रेणियों में सफर करने की सुविधा मिलने की उम्मीद है. इनमें थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी शामिल हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, थर्ड एसी का बेस किराया 2.40 रुपये प्रति किलोमीटर बताया जा रहा है. वहीं, सेकेंड एसी के लिए 3.10 रुपये और फर्स्ट एसी के लिए 3.80 रुपये प्रति किलोमीटर की दर की चर्चा है. हालांकि, अंतिम किराया रेलवे की आधिकारिक सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
प्रयागराज से दिल्ली तक कितना हो सकता है किराया?
प्रयागराज जंक्शन से नई दिल्ली की दूरी करीब 636 किलोमीटर मानी जा रही है. इस आधार पर विभिन्न शुल्क जोड़ने के बाद थर्ड एसी का अनुमानित किराया 2050 से 2095 रुपये तक हो सकता है. सेकेंड एसी में सफर करने के लिए 2530 से 2570 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. वहीं, फर्स्ट एसी का किराया 3100 से 3160 रुपये के बीच रहने का अनुमान है. इन राशियों में आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज, जीएसटी और खानपान शुल्क का असर पड़ सकता है. फिलहाल ये सभी आंकड़े अनुमानित हैं.
प्रयागराज एक्सप्रेस से कितना महंगा होगा सफर?
वंदे भारत स्लीपर में यात्रा करना मौजूदा प्रयागराज एक्सप्रेस के मुकाबले महंगा पड़ सकता है. उपलब्ध किराये के आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज एक्सप्रेस में प्रयागराज से नई दिल्ली तक थर्ड एसी का किराया करीब 1045 रुपये है. सेकेंड एसी में यात्रियों को लगभग 1455 रुपये और फर्स्ट एसी में 2415 रुपये देने पड़ते हैं. इन आंकड़ों की तुलना करें तो वंदे भारत स्लीपर के थर्ड एसी का अनुमानित किराया लगभग दोगुना हो सकता है. वहीं, सेकेंड एसी में भी यात्रियों को अधिक पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. हालांकि, वास्तविक अंतर आधिकारिक किराया घोषित होने के बाद ही साफ होगा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी वंदे भारत स्लीपर
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. इसमें यात्रियों को आरामदायक बर्थ, ऑटोमैटिक दरवाजे और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है. ट्रेन के कोच आधुनिक तकनीक से लैस होंगे. इसके अलावा बेहतर खानपान सेवा की भी संभावना है. हालांकि, इस रूट पर मिलने वाली सुविधाओं की अंतिम जानकारी रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही सामने आएगी.
31 अक्टूबर को हो सकता है उद्घाटन
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन को लेकर 31 अक्टूबर की तारीख चर्चा में है. संभावना जताई जा रही है कि इस दिन वाराणसी से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है. उद्घाटन कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की भी चर्चा है. हालांकि, रेलवे की ओर से कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर यात्रियों में उत्सुकता बनी हुई है. खासकर प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्री इसके संचालन और किराये की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल ट्रेन की शुरुआत की तारीख, ठहराव, समय सारणी और टिकट बुकिंग को लेकर आधिकारिक सूचना जारी होने का इंतजार है. रेलवे की घोषणा के बाद ही यात्रियों को ट्रेन से जुड़ी पूरी जानकारी मिल सकेगी.
Also Read: हाथरस में दूध पीने के बाद परिवार की बिगड़ी हालत, चार साल के मासूम की मौत, पिता और बड़ा बेटा अलीगढ़ रेफर