Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

इंदौर में कॉल सेंटर के कर्मचारी ने किया सुसाइड:गर्लफ्रेंड ने पुलिस को दी जानकारी; दवाई बाजार के पास हुए हादसे में भी युवक की मौत

INT News9 August 2026 at 04:48 pm

इंदौर के कनाड़िया इलाके में रविवार सुबह एक युवक का शव उसके कमरे में मिला। मृतक की पहचान हर्ष रामपाल (निवासी नीर कॉलोनी) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर जांच शुरू की। रिश्तेदारों के मुताबिक, हर्ष काफी समय से मानसिक तनाव में था। शनिवार रात उसकी प्रेमिका से कहासुनी होने की बात भी सामने आई है। हर्ष की बहन अमेरिका में रहती है और वह भी उसके पास जाना चाहता था। इसके लिए वह अपना मकान बेचने की तैयारी में था, लेकिन मकान बेचने के लिए बहन की एनओसी की जरूरत थी। रिश्तेदारों के अनुसार, बहन के इंदौर नहीं आ पाने के कारण यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। हर्ष के पिता की 2018 में मौत हो चुकी थी। कोविड के दौरान उसकी मां की भी मौत हो गई थी। इसके बाद वह इंदौर में अकेला रह रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कर्ज के चलते ड्राइवर ने जान दी

दूसरी ओर, द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर में कर्ज से परेशान एक युवक ने जान दे दी। मृतक की पहचान राज चंदेल (30) के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था। पुलिस के मुताबिक, राज ने शनिवार रात अपने घर में फांसी लगा ली। परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राज को शराब पीने की आदत थी और घटना वाली रात भी उसके शराब पीने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में उसके कर्ज में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में जांच शुरू कर दी है। बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत

संयोगितागंज थाना क्षेत्र में दवाई बाजार के पास शनिवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार डिवाइडर से जा टकराया। मृतक की पहचान अंकुर जिंदल निवासी पटेल नगर के रूप में हुई है। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। पुलिसकर्मी अंकुर को मृत अवस्था में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, अंकुर की शादी हो चुकी थी। परिवार में उसके माता-पिता सहित अन्य सदस्य हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।