Saturday, 21 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के सामने महिला ने कीटनाशक पिया:सरकारी जमीन पर कार्रवाई के दौरान घटना; 3 लोगों पर 50 हजार मांगने का आरोप

INT News20 November 2026 at 10:21 pm

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के सिउड़ गांव में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एक महिला ने कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की। महिला विजय कुमारी धीवर ने धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक, उपसरपंच समेत तीन लोगों पर 50 हजार रुपए मांगने और पैसे नहीं देने पर घर तोड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोक दी। घर तोड़ने पहुंचे तो महिला ने पी लिया कीटनाशक सिउड़ गांव में धान खरीदी केंद्र के आसपास सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई चल रही थी। विजय कुमारी धीवर अपनी बेटी के साथ एक छोटी सी झोपड़ी में रहती है। महिला का कहना है कि करीब छह महीने पहले उन्होंने ईंटों की दीवार बनाकर तीन फीट जगह में टीन की छत वाला छोटा मकान बनाया था। महिला का आरोप है कि मकान को लेकर धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक, उपसरपंच और एक अन्य व्यक्ति ने उनसे 50 हजार रुपए मांगे थे। पैसे नहीं देने पर मकान तोड़ने की धमकी दी गई थी। बुधवार को जब कुछ लोग जेसीबी लेकर उनका मकान तोड़ने पहुंचे तो विवाद हो गया। इसी दौरान महिला ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। मां बोली- बेटी की छोटी झोपड़ी ही तोड़ने पहुंचे थे महिला के जहर पीने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। महिला की मां नोनी बाई का आरोप है कि धान खरीदी केंद्र के आसपास कई बड़े मकान और कब्जे हैं, लेकिन कार्रवाई के लिए उनकी बेटी की छोटी झोपड़ी को ही निशाना बनाया जा रहा था। परिजनों ने अधिकारियों से महिला की जान बचाने और मकान नहीं तोड़ने की गुहार लगाई। जहर पीने की सूचना पर पहुंचे अधिकारी, कार्रवाई रोकी घटना की जानकारी मिलने पर 112 की टीम और नवागढ़ तहसीलदार उमाशंकर जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ग्राम पंचायत स्तर पर की जा रही थी। प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने पहुंची थी। महिला के जहर पीने की जानकारी मिलते ही कार्रवाई रोक दी गई और अधिकारी वापस लौट गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किया बयान नवागढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला का बयान दर्ज किया है। महिला ने तीन लोगों पर परेशान करने और घर तोड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि इसी डर से उसने कीटनाशक पी लिया। पुलिस के मुताबिक, महिला की तबीयत में सुधार होने के बाद मामले की पूरी जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने बताया कि सोसायटी के पास एक महिला ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया था। इसे हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम पहुंची थी। इसी दौरान महिला ने कीटनाशक पी लिया। पुलिस टीम ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। महिला का बयान दर्ज किया गया है। उसने कीटनाशक पीने की बात बताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। नए स्थान पर नहीं बना धान खरीदी केंद्र सिउड़ धान खरीदी केंद्र में तीन चबूतरे बनाए गए हैं। यहां किसानों के धान की तौल और भंडारण होना है। इस साल शासन ने निर्देश दिए हैं कि धान का तुरंत परिवहन नहीं होने के कारण खरीदी केंद्र में ज्यादा जगह होनी चाहिए। इसके लिए केंद्र को दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आरोप है कि केंद्र प्रबंधक ने नए स्थान पर अब तक जरूरी तैयारी नहीं की है। वहीं, खरीदी केंद्र के सामने लाखों रुपए के बारदाने बिना किसी सुरक्षा के रखे हुए हैं। ऐसे में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही केंद्र की व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।