समाचार · झारखंड
XLRI जमशेदपुर के छात्र ओम पोद्दार की मौत, सदमे में पूरा कैंपस..कार्डियक अरेस्ट बनी वजह

जमशेदपुर: एक्सएलआरआइ जमशेदपुर में गुरुवार रात एक दुखद घटना में बिजनेस मैनेजमेंट (2025-27) के छात्र ओम पोद्दार की मौत हो गयी. अस्थमा से पीड़ित ओम को रात में अचानक सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई थी. दोस्तों ने उनके लिए इनहेलर की व्यवस्था की, जिसके बाद उन्होंने राहत महसूस करने की बात कही.
देर रात दोस्तों ने उनके कमरे में जाकर देखा तो वह सो रहे थे. शुक्रवार दोपहर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले, तो दोस्तों ने जाकर देखा. इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, सांस लेने में हुई परेशानी के बाद कार्डियक अरेस्ट उनकी मौत का कारण बना.
रात में दोस्तों ने की थी मदद, दोपहर में कमरे में मिला शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात ओम अपने बॉयज हॉस्टल के कमरे में थे. उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उन्होंने दोस्तों को इसकी जानकारी दी. दोस्तों ने कैंपस से इनहेलर की व्यवस्था की. इनहेलर लेने के बाद ओम ने राहत महसूस की और दोस्तों से बातचीत भी की. इसके बाद दोस्त उन्हें कमरे का गेट अंदर से बंद नहीं करने की बात कहकर लौट गये.
रात करीब 2.30 बजे कुछ दोस्त उनका हाल जानने कमरे में पहुंचे. उस समय ओम सो रहे थे. शुक्रवार को सुबह क्लास नहीं होने के कारण दोस्त भी अपने कमरों में चले गये. दोपहर करीब 12 बजे तक ओम के कमरे से बाहर नहीं आने पर दोस्तों ने जाकर देखा, तो वह बिस्तर पर पड़े थे.
डीन खुद लेकर पहुंचे TMH, कैंपस में शोक
घटना की जानकारी मिलते ही कैंपस के चिकित्सकों और एक्सएलआरआइ प्रबंधन को सूचना दी गयी. डीन (एडमिनिस्ट्रेशन) फादर डोनाल्ड डिसिल्वा मौके पर पहुंचे और ओम को तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
फादर डोनाल्ड डिसिल्वा ने ओम के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि संस्थान ने अपने परिवार का एक होनहार और जीवंत सदस्य खो दिया है. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में एक्सएलआरआइ परिवार ओम के परिजनों के साथ खड़ा है.
कोलकाता से परिजन जमशेदपुर पहुंचे. परिजनों ने ओम का अंतिम संस्कार जमशेदपुर में ही करने का फैसला लिया है. ओम पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे. रविवार को एक्सएलआरआइ कैंपस में उनके सम्मान में शोक सभा आयोजित की जायेगी.