समाचार · पंजाब
मोगा के सलीना में शूटिंग रेंज का शिलान्यास:65 लाख से बनाई जाएगी, विधायक ने 91 लाख के विकास कार्य शुरू कराया
मोगा हलके के सीमावर्ती गांव सलीना में विकास की रफ्तार को तेज करते हुए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा द्वारा 91 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इस दौरान उन्होंने जहाँ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक सरकारी शूटिंग रेंज का नीव पत्थर (शिलान्यास) रखा, वहीं 26 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई सात इंटरलॉक गलियों का उद्घाटन कर ग्रामीणों को समर्पित किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास और युवाओं को नशे से दूर कर खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। गांव सलीना में बनने जा रही यह सरकारी शूटिंग रेंज मोगा जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन सौगात साबित होगी, जिससे उन्हें अभ्यास के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा ग्रामीण स्तर पर ही विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि यहाँ के प्रतिभावान खिलाड़ी जिला, राज्य और अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। गलियों के निर्माण से ग्रामीणों को मिलेगी राहत 26 लाख रुपये की लागत से बनी सात नई इंटरलॉक गलियों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि इनके निर्माण से गांववासियों को आवागमन में बड़ी सहूलियत होगी और विशेषकर मानसून व बरसात के दिनों में जलभराव व कीचड़ की समस्या से पक्का छुटकारा मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता (क्वालिटी) से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्यों पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। घोषणाओं को जमीन पर उतारना ही लक्ष्य डॉ. अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से जमीन पर पूरा करके आम जनता तक वास्तविक सुविधाएं पहुंचाना ही उनका मुख्य ध्येय है। मोगा हलके में सड़कों, गलियों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम चल रहा है। इस अवसर पर गांव के सरपंच अजय सिंह, समूची ग्राम पंचायत, प्रिंसिपल गुरप्रीत कौर, पार्टी के स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में गांववासी मौजूद रहे। गांव के निवासियों ने सलीना गांव को इतनी बड़ी सौगातें देने के लिए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा का तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त किया।