समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में बारिश से फसलों को नुकसान:खेतों में अब भी पानी, सोयाबीन की फसल खराब हुई; कांग्रेस ने मुआवजे की मांग की
मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पिछले हफ्ते हुई बारिश के बाद कई खेतों में अब भी पानी भरा हुआ है। लगातार नमी के कारण सोयाबीन की फसल खराब होने लगी है। कई जगह पौधों की जड़ें सड़ने की शिकायत भी सामने आई हैं। किसानों के मुताबिक, खरीफ सीजन की शुरुआत में बारिश की कमी के कारण उन्हें दोबारा महंगे खाद-बीज खरीदकर सोयाबीन, उड़द और मूंगफली की बोवनी करनी पड़ी थी। इसके बाद लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया। इससे सोयाबीन और उड़द की फसल को नुकसान हुआ। पीला मोजेक, अफलन और इल्ली के प्रकोप की भी शिकायत है। कुछ किसानों ने खराब फसल पर रोटावेटर चलाकर उसे नष्ट कर दिया। कांग्रेस ने सर्वे और मुआवजे की मांग की कांग्रेस नेताओं ने फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा और बीमा राशि देने की मांग की है। जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पीला मोजेक, अफलन और घोड़ारोज जैसी समस्याओं को लेकर सरकार से लगातार मांग कर रही है। उन्होंने प्रशासन से कृषि विभाग के स्तर पर सर्वे कराने के बजाय राजस्व विभाग की टीम गठित कर नुकसान का सही आकलन कराने की मांग की। शर्मा ने किसानों को पूरा मुआवजा और बीमा राशि दिलाने की भी अपील की।