समाचार · पंजाब
फरीदकोट में कंबाइन-बाइक टक्कर में युवक की मौत:अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर हादसा; 2 साथियों की हालत भी गंभीर
फरीदकोट में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव टहिना के पास कंबाइन मशीन के साथ टक्कर होने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान फिरोजपुर जिले के मुदकी निवासी दलेर सिंह पुत्र कुलविंदर सिंह के रूप में हुई है। घायलों में मुदकी निवासी लवप्रीत सिंह और तरनतारन निवासी प्रिंस शामिल हैं। दोनों को उपचार के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने के बाद थाना सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दलेर सिंह के परिवार में वीरवार को शादी समारोह था। समारोह के बाद वह लवप्रीत सिंह और प्रिंस के साथ मोटरसाइकिल पर कामकाज के लिए फरीदकोट आ गया। यहां अपना कामकाज निपटाने के बाद जब तीनों वापस मुदकी लौट रहे थे, तो गांव टहिना के पास उनकी मोटरसाइकिल कंबाइन मशीन से टकरा गई। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची हादसे की सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दलेर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि लवप्रीत सिंह और प्रिंस की हालत गंभीर बताई जा रही है। शादी समारोह के बाद आए थे फरीदकोट मृतक के पिता कुलविंदर सिंह और अन्य रिश्तेदारों ने बताया कि शादी समारोह के बाद तीनों किसी काम के सिलसिले में फरीदकोट आए थे। वापस लौटते समय वे हादसे का शिकार हो गए। थाना सदर पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के हवाले किया जाएगा।