Sunday, 30 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रायपुर में पुलिसकर्मी के घर चोरी:रात गश्त पर गया था आरक्षक, ताला तोड़कर नकदी-जेवर ले गए चोर

INT News30 August 2026 at 09:29 am

राजधानी रायपुर में पुलिसकर्मी के घर चोरी का मामला सामने आया है। पंडरी थाना क्षेत्र के दुबे कॉलोनी स्थित ग्रैंडले विहार में चोरों ने महिला थाना में पदस्थ आरक्षक दीपक पटेल के घर को निशाना बनाया। वारदात के समय आरक्षक रात्रि गश्त पर गया था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे भी घर पर नहीं थे। पंडरी पुलिस के मुताबिक रक्षाबंधन के मौके पर दीपक पटेल की पत्नी और बच्चे गांव गए हुए थे। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोर देर रात मकान में घुस गए। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर रखी अलमारियों के लॉक तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। गश्त से लौटने पर मिली चोरी की जानकारी रात्रि गश्त से लौटने के बाद आरक्षक दीपक पटेल घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। जांच करने पर नकदी और जेवर चोरी होने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चोरी की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम, डॉग स्क्वायड और क्राइम टीम को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस चोरी हुए नकदी और जेवरात की कीमत का आकलन कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।