समाचार · हरियाणा
जुलाना में दुष्यंत चौटाला ने साधा सरकार पर निशाना:पूर्व डिप्टी सीएम बोले- बच्चों ने दिलवा दिए इस्तीफे, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
जींद जिले के जुलाना में जननायक जनता पार्टी (जजपा) कार्यकर्ताओं की एक बैठक परशुराम धर्मशाला में आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शिरकत की और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। दुष्यंत चौटाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता पहले कहते थे कि यहां इस्तीफे नहीं होते, लेकिन युवाओं ने दिल्ली में बैठकर उनके इस्तीफे दिलवा दिए। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा को सत्ता में आए 12 साल हो गए हैं, लेकिन प्रदेश में गुंडाराज चल रहा है। आए दिन हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं और पुलिस प्रशासन की स्थिति भी खराब है। दुष्यंत चौटाला ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल पूर्व उपमुख्यमंत्री ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वारदात के बाद पुलिस टीमें भेजने और कार्रवाई करने की बात तो कहती है, लेकिन ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि अब पुलिस एनकाउंटर करने लगी है और खुद गोलियां चलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। चौटाला ने करनाल की एक घटना का जिक्र करते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया। जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं कार्यकर्ता : दुष्यंत महंगाई के मुद्दे पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पहले चीनी महंगी हुई और अब प्याज भी महंगा होने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने और लोगों की समस्याओं की आवाज बनने का आह्वान किया। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस की हालत ऐसी है कि जहां बैठक होती है, वहां पहले झगड़ा हो जाता है। उन्होंने जजपा कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखने और संगठन को मजबूत करने पर काम करने का आग्रह किया।