समाचार · हरियाणा
फतेहाबाद में मांगों को लेकर सड़कों पर सफाई कर्मचारी:सरकार और प्रशासन पर अनदेखी का आरोप, कहा- संघर्ष के बाद भी फैसला नहीं
फतेहाबाद जिले के टोहाना में नगर पालिका के सफाई कर्मचारी इन दिनों सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से आंदोलन के बावजूद सरकार और प्रशासन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। कर्मचारियों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन उनकी समस्याएं सुलझाने के बजाय प्रशासन हड़ताल कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर मजबूरी में सड़कों पर हैं। 'मांगों को लेकर सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया' उनका कहना है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर समय रहते गंभीरता से सोचती तो कर्मचारियों को इस तरह आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने आरोप लगाया कि कई दिनों से सफाई कर्मचारी संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। 'मांगों को लेकर शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखेंगे' कर्मचारी नेताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याएं सुलझाने के बजाय पुलिस के जरिए उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है। कर्मचारियों ने साफ किया कि वे किसी दबाव में नहीं आएंगे और अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने ठेकेदारों के जरिए सफाई व्यवस्था चलाने की कोशिशों का भी विरोध किया। आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों और डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था से जुड़े साथियों को आपस में लड़ाने के बजाय उनकी असली समस्याएं सुलझानी चाहिए। कर्मचारियों का कहना है कि वे सरकार के खिलाफ इसलिए संघर्ष कर रहे हैं, क्योंकि उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सही फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज करेंगे। सफाई कर्मचारी अपनी मांगें पूरी होने तक एकजुट होकर संघर्ष करते रहेंगे।