national
जम्मू-कश्मीर: ट्रेन के 44 डिब्बों में भैंस का मिला मांस, दिल्ली से पहुंचा था माल

जम्मू-कश्मीर के बडगाम रेलवे स्टेशन पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां दिल्ली से आने वाली पार्सल ट्रेन से करीब 1,600 किलोग्राम सड़ा हुआ भैंस का मांस बरामद किया गया है. यह मांस 44 डिब्बों में पैक करके भेजा गया था. 13 नवंबर को रेलवे स्टेशन पर इसकी जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की.
दिल्ली से पार्सल ट्रेन में पहुंचा था सड़ा मांस
अधिकारियों के मुताबिक, 13 नवंबर को दिल्ली से बडगाम पहुंची पार्सल ट्रेन में संदिग्ध मांस होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने 44 डिब्बों को जब्त किया. जांच के दौरान पता चला कि इन डिब्बों में करीब 1,600 किलो सड़ा हुआ भैंस का मांस भरा हुआ था. हैरानी की बात यह है कि इस खेप पर किसी खाद्य कारोबार संचालक ने अपना दावा नहीं किया था.
सामान्य डिब्बे में बिना फ्रीजर के भेजा जा रहा था मांस
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त मुफ्ती उमर ने बताया कि खराब होने वाली खाद्य सामग्री और फ्रोजन फूड को निर्धारित तापमान पर ही ट्रांसपोर्ट करना जरूरी है. फ्रोजन मीट को माइनस 18 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान पर रखना होता है. लेकिन इस खेप को सामान्य पार्सल डिब्बे में दूसरी वस्तुओं के साथ रखा गया था। वहां मांस से खून रिस रहा था और तेज दुर्गंध फैल रही थी.
पशु चिकित्सक ने जांच के बाद मांस को बताया खाने योग्य नहीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने पशु चिकित्सक से मांस की जांच कराई. जांच के बाद पशु चिकित्सक ने प्रमाण पत्र जारी करते हुए इसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया. अधिकारियों के मुताबिक, मांस से निकल रही तेज दुर्गंध और उसकी खराब स्थिति आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती थी. इसके बाद प्रशासन ने पूरी खेप को नष्ट करने का फैसला लिया.
अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR, रेलवे पुलिस ने शुरू की जांच
रेलवे पुलिस बडगाम की एसएचओ बेनजीर इकबाल के मुताबिक, इस मामले में एफआईआर नंबर 5 दर्ज की गई है. अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 271 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप को किसने भेजा था, इसका हैंडलर कौन था और इसके पीछे मुख्य जिम्मेदार व्यक्ति कौन है.
ये भी पढ़ें: 'तीन महीने में जुड़े 70 लाख नए वोटर, ऐसा कैसे?', राहुल ने महाराष्ट्र चुनाव पर उठाए सवाल