समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी के कबीर मंदिर में चोरी:प्रतिमा से चांदी का छत्र और दानपात्र लेकर फरार हुए चोर, घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी
शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे स्थित कबीर मंदिर में चोरी की वारदात से श्रद्धालुओं में आक्रोश है। अज्ञात चोर मंदिर का ताला खोलकर कबीर प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र और दानपात्र चुराकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पूजा के लिए पहुंचे पुजारी तो खुला मिला मंदिर मंगलवार शाम मंदिर के पुजारी रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंदिर का ताला खुला देखा। अंदर जाकर जांच करने पर कबीर प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र और मंदिर का दानपात्र गायब मिला। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर पहुंच गए। लोगों ने धार्मिक स्थल में हुई चोरी पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। 20 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंदिर बनने के बाद से दानपात्र कभी नहीं खोला गया था। उनका अनुमान है कि दानपात्र में जमा नकदी और चांदी के छत्र सहित करीब 20 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है। पुलिस ने शुरू की जांच सूचना मिलने पर कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।