समाचार · मध्य प्रदेश
गुजरात के मंथन और श्री आनंद ब्रांड घी पर कार्रवाई:1750 लीटर जब्त, 18 सैंपल जांच के लिए भेजे; दूसरे राज्यों से आने वाले घी पर सख्ती
गुजरात से इंदौर पहुंचे घी की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। स्कीम नंबर-51 स्थित मां बगलामुखी एंटरप्राइजेज से मिलावट की आशंका में 1750 लीटर घी जब्त किया गया है। यहां निरीक्षण के दौरान गुजरात में निर्मित मंथन और श्री आनंद ब्रांड का घी मिला। विभाग ने अलग-अलग उत्पादों के 18 सैंपल जांच के लिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त घी खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दूसरे राज्यों से आने वाले घी पर विशेष निगरानी इंदौर में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। खासतौर पर दूसरे राज्यों से मध्यप्रदेश में आने वाले घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक दूसरे राज्यों से इंदौर और मध्यप्रदेश में आने वाले घी की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके लिए निर्माताओं, डिपो, थोक विक्रेताओं और विक्रय प्रतिष्ठानों से घी के नमूने लिए जा रहे हैं। प्रदेशभर में जारी रहेगा अभियान प्रदेश में आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुपालन में आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है।