समाचार · मध्य प्रदेश
परसदेही टावर विवाद; पूर्व महापौर समेत तीन पर केस:पटवारी की शिकायत पर FIR; जमीन मालिक की मौत के बाद गांव में तनाव
सिंगरौली जिले के परसदेही गांव में पावरग्रिड कंपनी के टावर निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक पूर्व महापौर सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई क्षेत्र के पटवारी की लिखित शिकायत के बाद की है। पूर्व महापौर रेनू शाह सहित 3 पर मामला दर्ज मझौली हल्का के पटवारी विष्णु प्रसाद वर्मा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, टावर निर्माण के सरकारी काम के दौरान कुछ लोगों ने जानबूझकर बाधा खड़ी की और वहां मौजूद कर्मचारियों को परेशान किया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भास्कर मिश्रा, पूर्व महापौर रेनू शाह और राधिका शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 195(1), 351(1) और 352 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल, टावर निर्माण और जमीन विवाद को लेकर परसदेही गांव में अभी भी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। 2 जुलाई को हुई थी जमीन मालिक की मौत बता दें कि, इसी परसदेही गांव में टावर निर्माण के विरोध के दौरान बीती 2 जुलाई को जमीन मालिक जगदीश शाह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने पावरग्रिड कंपनी के अधिकारियों और ठेकेदार पर बिना मुआवजा दिए जबरन जमीन पर टावर लगाने और लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया था। पुलिस के अनुसार, जगदीश शाह की मौत के दिन आरोपी भास्कर मिश्रा सुबह से लेकर रात 9 बजे तक परिजनों को उकसाने और विवाद को हवा देने में सक्रिय थे। निष्पक्ष जांच का भरोसा, गांव में पुलिस की निगरानी जारी CSP उमेश प्रजापति ने बताया कि पटवारी की शिकायत पर नया मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर, जमीन मालिक जगदीश शाह की मौत के मामले की भी विभिन्न पहलुओं से गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।