Saturday, 21 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

ट्रेन की एसी बोगी में दिखेगा अंदर का तापमान, हटिया-इस्लामपुर में शुरू हुआ ट्रायल

INT News20 November 2026 at 10:30 pm

रांची. ट्रेन की एसी बोगी में सफर के दौरान अब यात्रियों को अंदर का वास्तविक तापमान भी पता चल सकेगा. इसके लिए हटिया-इस्लामपुर ट्रेन की एसी बोगी में तापमान डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया है. फिलहाल इस व्यवस्था को ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है. ट्रायल सफल रहने पर रांची रेल मंडल से चलने वाली सभी ट्रेनों की एसी बोगियों में यह सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सर्दियों में एसी बोगियों का तापमान जरूरत से ज्यादा कम रहने और गर्मियों में पर्याप्त ठंडक नहीं मिलने की शिकायतें यात्रियों की ओर से मिलती रहती हैं. कई बार यात्रियों को कोच के अंदर का वास्तविक तापमान भी पता नहीं चल पाता. इसी समस्या को दूर करने के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाने की पहल की गयी है.

तापमान के अनुसार नियंत्रित होगा एसी

डिस्प्ले बोर्ड पर कोच के अंदर का तापमान दिखाई देगा. यदि तापमान निर्धारित मानक से अधिक या कम पाया जाता है, तो कोच अटेंडेंट तत्काल एसी को नियंत्रित करेंगे. इससे मौसम और यात्रियों की सुविधा के अनुरूप बोगी का तापमान बनाये रखने में मदद मिलेगी.

ट्रायल सफल रहा तो सभी ट्रेनों में मिलेगी सुविधा

रांची मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि फिलहाल हटिया-इस्लामपुर ट्रेन में तापमान डिस्प्ले बोर्ड का ट्रायल किया जा रहा है. यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो रांची रेल मंडल से चलने वाली सभी ट्रेनों की एसी बोगियों में तापमान डिस्प्ले बोर्ड लगाने की योजना है. इससे यात्रियों को सफर के दौरान अधिक आरामदायक माहौल मिल सकेगा.