समाचार · हरियाणा
पानीपत में जन्मदिन से अगले दिन युवक की मौत:दिल्ली दूध सप्लाई कर लौट रहा था, खड़े कैंटर से टकराई बोलेरो, दो बच्चों का था पिता
पानीपत में GT रोड पर समालखा के पास रविवार सुबह एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय दूध सप्लायर युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रोजाना की तरह दूध की सप्लाई लेकर दिल्ली जा रहे युवक की बोलेरो गाड़ी सड़क पर बिना किसी संकेतक के खड़े एक कैंटर से जा टकराई। दुखद पहलू यह रहा कि जिस दिन यह हादसा हुआ, उस दिन मृतक का जन्मदिन भी था। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो बच्चों का पिता था युवक कच्चा कैंप निवासी सन्नी उर्फ शेखर (35) पिछले काफी समय से बोलेरो गाड़ी के जरिए दिल्ली में दूध सप्लाई करने का काम करता था। रोजाना की तरह रविवार सुबह 9 अगस्त करीब 7:10 बजे वह दूध लेकर दिल्ली के लिए निकला था। जैसे ही वह जीटी रोड पर समालखा स्थित ट्रक यूनियन के पास फ्लाई ओवर पर चढ़ने लगा, तभी आगे खड़े एक कैंटर (HR55AE0973) से उसकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और सन्नी गंभीर रूप से घायल होकर गाड़ी में ही फंस गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से उसे तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे दो मासूम बेटों (13 वर्ष और 9 वर्ष) को छोड़ गया है। लापरवाही से खड़े कैंटर ने ली जान मृतक के भाई राकेश ने समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कैंटर चालक ने अपने वाहन को हाईवे पर बेहद गैर-जिम्मेदाराना तरीके से खड़ा किया हुआ था। कैंटर का न तो कोई पार्किंग इंडिकेटर जल रहा था और न ही पीछे कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत रखा गया था। सुबह के समय अचानक सामने खड़े कैंटर को न देख पाने की वजह से यह हादसा हुआ।