Saturday, 11 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

स्वामी कैलाशानंद गिरि चार्टर्ड विमान से नीमच पहुंचे:शहर में अभिनंदन यात्रा निकली, लोगों ने किया स्वागत, कल धर्मसभा में देंगे प्रवचन

INT News10 July 2026 at 10:53 pm

नीमच शहर में शुक्रवार शाम आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि के आगमन पर एक विशाल अभिनंदन यात्रा निकाली गई। यह यात्रा देर रात 10 बजे तक चली, जिससे पूरी नीमच नगरी भक्ति और अध्यात्म के रंग में रंग गई। शनिवार को दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल में एक विराट धर्मसभा का आयोजन होना है। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज इस भव्य धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम विशेष चार्टर्ड विमान से नीमच पहुंचे। हवाई पट्टी पर उनके उतरते ही श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों में उत्साह का माहौल देखा गया। समाजसेवी संतोष चोपड़ा, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और गौरव चोपड़ा सहित अन्य लोगों ने महाराज श्री का बुके भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश भारद्वाज और समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और उद्योगपतियों ने महाराजश्री को सूत की मालाएं पहनाकर उनका अभिवादन किया। फूलों की वर्षा के बीच निकली अभिनंदन यात्रा हवाई पट्टी पर स्वागत के बाद स्वामी कैलाशानंद जी महाराज की भव्य अभिनंदन यात्रा शुरू हुई। यह यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए उत्कृष्ट स्कूल के पीछे स्थित नगरपालिका अध्यक्ष के निवास स्थान तक निकाली गई। पूरी यात्रा के दौरान मार्ग धार्मिक जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह बनाए गए स्वागत द्वारों पर खड़े होकर महाराज श्री पर फूलों की वर्षा की। शनिवार को टाउन हॉल में सजेगी धर्मसभा आयोजन समिति के अनुसार, शनिवार को सुबह 11:15 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक दशहरा मैदान के टाउन हॉल में एक दिवसीय विशाल धर्मसभा का आयोजन होगा। इसमें आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज अपने आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से जनता का मार्गदर्शन करेंगे। इस महा-आयोजन में देश के कोने-कोने से प्रख्यात संत-महात्मा, प्रतिष्ठित उद्योगपति और हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर बैठने की उत्तम व्यवस्था, ठंडे पेयजल, पुख्ता सुरक्षा और सुचारू पार्किंग के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे शहर को आकर्षक रोशनी और धार्मिक ध्वजाओं से सजाया गया है। चोपड़ा परिवार का कहना है कि यह आयोजन नीमच की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को देश में एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा।