Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में अधिवक्ता पर फायरिंग का आरोप:बाइक सवार तीन बदमाशों ने की फायरिंग, कार पर लगी गोली; जीतू भाटी और साथियों पर आरोप

INT News14 November 2026 at 10:27 pm

ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र की नई सड़क पर शनिवार शाम एक अधिवक्ता पर फायरिंग का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने अधिवक्ता दीपांकर मिश्रा को निशाना बनाकर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली उनकी कार में लगी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अधिवक्ता ने जीतू भाटी और उसके दो साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही जनकगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद कर जांच शुरू की। फोन पर बात कर रहे थे वकील, तभी हुई फायरिंग अधिवक्ता दीपांकर मिश्रा के मुताबिक, वे निजी काम से नई सड़क आए थे। उनके जूनियर ने कार पार्क की थी और वे इसी दौरान एक मीडिया साथी से फोन पर बात कर रहे थे। तभी अचानक पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। पीछे मुड़कर देखा तो जीतू भाटी अपने दो साथियों के साथ बाइक से वहां पहुंचा था। मिश्रा का आरोप है कि आरोपियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली उनकी कार में लगी। इसके बाद आरोपी उनके पीछे दौड़ा और गली के अंदर भी दो गोलियां चलाईं। उन्होंने आरोपी को पकड़ने के लिए पीछा किया, लेकिन वह भाग निकला। अधिवक्ता के मुताबिक, इसके बाद भी फायरिंग हुई और कुल करीब पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। जमानत कराने के बाद भी धमकी देने का आरोप दीपांकर मिश्रा ने बताया कि उनकी आरोपी से पहले कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी। वे उसके अधिवक्ता रह चुके हैं और रामदास घाटी से जुड़े एक आपराधिक मामले सहित अन्य प्रकरणों में उसकी जमानत भी कराई थी। अधिवक्ता का आरोप है कि आरोपी ने शनिवार सुबह फोन कर उन्हें धमकी दी थी और गोली मारने की बात कही थी। उन्हें आशंका है कि किसी मामले में राजीनामा कराने का दबाव बनाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। मौके से मिले कारतूस के खोखे, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस जनकगंज थाना प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि नई सड़क पर फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से कारतूस के खोखे मिले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और घटना के क्रम का पता लगाया जा सके। फिलहाल फरियादी की शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।