Tuesday, 21 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

10 दिन बाद मानसून की दमदार वापसी:8 घंटे झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना,मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का अलर्ट किया जारी

INT News21 July 2026 at 12:40 pm

राजगढ़ जिले में करीब 10 दिन के लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को मानसून ने जोरदार वापसी की। रात करीब 3 बजे शुरू हुई बारिश सुबह 11 बजे तक लगातार होती रही। करीब आठ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से पूरे जिले में मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान दिनभर घने काले बादलों से ढका रहा, जिससे दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल बना रहा। लगातार बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली, जबकि शहर की कई सड़कों पर जलभराव होने से लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। सोमवार को जिले में करीब 15 मिनट की हल्की बारिश हुई थी, जिससे मानसून के सक्रिय होने के संकेत मिले थे। हालांकि उसके बाद उमस और बढ़ गई थी। मंगलवार तड़के से शुरू हुई लगातार बारिश ने किसानों और आम लोगों को राहत दी। दोपहर तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा और पूरे जिले में मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट मौसम विभाग ने राजगढ़ जिले के लिए गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, जिले के कई हिस्सों में दिनभर बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है। आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील भी की गई है। इस सीजन में अब तक औसतन 308.9 मिमी बारिश कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख) द्वारा जारी वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह तक जिले में औसतन 26.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं 1 जून से 21 जुलाई तक जिले में कुल औसतन 308.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक जिले में 498.5 मिमी बारिश हुई थी। इस तरह इस वर्ष अब तक करीब 190 मिमी कम वर्षा दर्ज की गई है। राजगढ़ तहसील में सबसे अधिक बारिश मंगलवार को जिले में सबसे अधिक 76.2 मिमी बारिश राजगढ़ तहसील में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जीरापुर में 52 मिमी, नरसिंहगढ़ में 19.2 मिमी, ब्यावरा में 17 मिमी, सारंगपुर में 8.1 मिमी, खिलचीपुर में 5.3 मिमी और पचोर में 5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है, जिससे जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। जिलेभर के स्कूलों में आधे दिन की छुट्टी घोषित राजगढ़ जिले में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार को नर्सरी से 12वीं तक के सभी सरकारी, निजी, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों में आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जारी किया। हालांकि सभी शिक्षक और कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचेंगे।