Tuesday, 21 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

घरौंडा में नगला मेघा मार्ग का निर्माण लटका:लोक निर्माण विभाग ने बीच में छोड़ा काम, राहगीरों-वाहन चालकों को परेशानी

INT News21 July 2026 at 06:57 pm

करनाल जिले में घरौंडा से नगला मेघा तक जाने वाली करीब 18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। सड़क कई जगह से अधूरी छोड़ी गई है, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं सड़क बनी हुई है तो कहीं 200 से 300 मीटर के टुकड़े अब भी बदहाल हालत में पड़े हैं। इस कारण लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों और राहगीर अशोक कुमार, संदीप कुमार, ओमप्रकाश, अमित कुमार और देवी सिंह ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन कई स्थानों पर इसे बीच में ही छोड़ दिया गया। अच्छी सड़क के बाद अचानक गड्ढों से भरा हिस्सा आ जाता है, जिससे वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ता है। बरसात के दिनों में इन स्थानों पर कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे दुपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है। विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल लोगों का कहना है कि जब सड़क निर्माण शुरू किया गया था तो उसे पूरा क्यों नहीं किया गया। अधूरी सड़क से यह साफ नजर आता है कि काम में लापरवाही बरती गई है। करोड़ों रुपए की लागत से बनाई जा रही सड़क के ऐसे हालात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द अधूरे हिस्सों का निर्माण पूरा करे, ताकि लोगों को राहत मिल सके। बरसात और बिटुमन की कमी बनी वजह इस मामले में पीडब्ल्यूडी करनाल के एक्सईएन संदीप कुमार से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि घरौंडा से नगला मेघा तक सड़क का निर्माण करीब साढ़े 4 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। यह सड़क लगभग 18 किलोमीटर लंबी है। उन्होंने बताया कि बिटुमन की कमी और बरसात के कारण काम कुछ समय के लिए रुक गया है। फिलहाल 5-6 स्थानों पर काम बाकी है। बरसात के बाद शुरू होगा काम एक्सईएन ने कहा कि जैसे ही मौसम साफ होगा, निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। अधूरे हिस्सों को पूरा करने के बाद सड़क पर एक अतिरिक्त परत बिछाई जाएगी, जिससे सड़क और अधिक मजबूत बनेगी। विभाग का दावा है कि काम पूरा होने के बाद लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिलेगी।