समाचार · मध्य प्रदेश
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर:रघुराजगढ़ से मऊगंज आ रहा था, मुदरिया मोड़ पर हुआ हादसा
मऊगंज थाना क्षेत्र के मुदरिया मोड़ पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए इस हादसे के बाद घायल को सिविल अस्पताल मऊगंज ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रीवा रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान रघुराजगढ़ निवासी शिवम कोल (पिता कल्लू कोल) के रूप में हुई है। शिवम अपनी बाइक से रघुराजगढ़ से मऊगंज की ओर जा रहे थे, तभी मुदरिया मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, पैर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल की मदद की और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया। सिविल अस्पताल मऊगंज में चिकित्सकों ने शिवम का परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया।