समाचार · मध्य प्रदेश
अनूपपुर में स्कूली वाहनों पर कार्रवाई, 47 चालान कटे:1.32 लाख जुर्माना, 12 नाबालिग चालक भी पकड़े गए
अनूपपुर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने अभियान चलाया है। इस दौरान अब तक 47 स्कूली वाहनों के चालान काटे गए हैं और कुल 1,32,600 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच में 12 नाबालिग वाहन चालक भी पकड़े गए। जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि यह कार्रवाई पिछले दो दिनों से जारी है। सोमवार, 20 जुलाई को 17 चालानों पर 66,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। मंगलवार, 21 जुलाई की दोपहर तक 30 चालानों पर 66,600 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया, जिससे कुल 47 चालानी कार्रवाई पूरी हुई। अभियान के दौरान पकड़े गए 12 नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त, पांच व्यावसायिक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए। उनके वाहन जब्त कर न्यायालय भेजे गए हैं। जांच में 13 मामलों में परमिट शर्तों का उल्लंघन पाया गया। दो वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के, एक चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के और एक वाहन बिना बीमा के संचालित होते मिले। इन सभी मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने सभी स्कूल वाहन संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी बिना फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा उपकरण, वैध दस्तावेज या नियमों के विपरीत संचालित होने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान जारी रहेगा।