Tuesday, 21 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

फरीदाबाद में CJP प्रदर्शन सीमा पर पुलिस का कड़ा पहरा:6 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी,दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच, कई वाहन वापस भेजे

INT News21 July 2026 at 06:49 pm

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को देखते हुए मंगलवार को फरीदाबाद में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर रही। राजधानी से सटे सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर व्यापक जांच अभियान चलाया। सीमावर्ती क्षेत्रों में छह से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी कर दिल्ली की ओर जाने वाले हर संदिग्ध वाहन की जांच की गई। विशेष रूप से राजनीतिक दलों, किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के झंडे या बैनर लगे वाहनों को रोककर पूछताछ की गई। सीमाओं पर दिनभर चला सघन चेकिंग अभियान पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों ने सुबह से ही दिल्ली जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर मोर्चा संभाल लिया। इस दौरान कार, बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, कंटेनर और अन्य बड़े वाहनों की भी बारीकी से जांच की गई। वाहन चालकों से यात्रा का उद्देश्य, गंतव्य और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली गई। संगठनों के झंडे लगे वाहनों पर रही विशेष नजर जिन वाहनों पर किसी राजनीतिक दल, सामाजिक संस्था या किसान संगठन के झंडे, बैनर या नारे लगे मिले, उन्हें विशेष रूप से रोककर पूछताछ की गई। जिन लोगों के दिल्ली जाकर प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका जताई गई, उन्हें आवश्यक पूछताछ के बाद आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। कुछ लोगों को वापस लौटने की सलाह भी दी गई। इन छह प्रमुख स्थानों पर रही पुलिस की नाकाबंदी पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे स्थित दुर्गा बिल्डर एमसीडी टोल, सराय ख्वाजा टोल, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज के पास, सूरजकुंड-प्रह्लादपुर मार्ग, इस्माइलपुर-जैतपुर मार्ग और बसंतपुर पुस्ता रोड सहित दिल्ली से जुड़े प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस ने नाके लगाकर वाहनों की जांच की। आवागमन करने वाले लोगों को उठानी पड़ी परेशानी फरीदाबाद और दिल्ली के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रोजगार और व्यापार के सिलसिले में आवाजाही करते हैं। जिले की करीब 30 हजार औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले लाखों कर्मचारी भी दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से आते-जाते हैं। ऐसे में दिनभर चली सघन चेकिंग के कारण कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। कई नेताओं को घरों में ही रखा गया सूत्रों के अनुसार, एहतियात के तौर पर जिले के कई राजनीतिक दलों के नेताओं को उनके आवासों पर ही पुलिस निगरानी में रखा गया। जिन नेताओं के दिल्ली जाकर प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना थी, उनके घरों के बाहर सुबह से पुलिसकर्मी तैनात रहे। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई सूची जारी नहीं की गई। शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए यह पूरा अभियान एहतियात के तौर पर चलाया गया। सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और हालात के अनुसार आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।