Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अशोकनगर में कीचड़ भरे रास्ते से निकली शवयात्रा; VIDEO:बारिश में सड़क बदहाल, इसी रास्ते से बच्चों का स्कूल आना-जाना भी मुश्किल

INT News17 August 2026 at 11:47 am

अशोकनगर जिले के खजुरिया कला गांव में बारिश के बाद बदहाल रास्ते से शव यात्रा निकाला मुश्किल हुआ। रविवार को गांव की 53 वर्षीय गुड्डी बाई पत्नी भैयालाल कुशवाह का बीमारी के कारण निधन हो गया। शाम करीब 6 बजे उनके परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर निकले, लेकिन कीचड़ भरे रास्ते के कारण उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। शव को कंधों पर ले जा रहे लोगों को कीचड़ में खुद को और शव को संभालते हुए चलना पड़ा। ग्रामीणों को कीचड़ में भी नंगे पैर काफी दूर तक शव ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब रास्ते के कारण शवयात्रा में शामिल लोगों को संभलकर आगे बढ़ना पड़ा और वे कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते हुए अंतिम संस्कार स्थल तक पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में यह रास्ता और भी खराब हो जाता है, जिससे गांव के लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। इसी रास्ते से स्कूल आते-जाते हैं बच्चे

ग्रामीणों के अनुसार, इसी रास्ते से गांव के बच्चे स्कूल भी जाते हैं। बारिश के दौरान कीचड़ के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। इससे उनकी स्कूल ड्रेस खराब होती है और फिसलने का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क की इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया है और आवेदन भी दिए हैं। इसके बावजूद रास्ते की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का सुधार कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन सुगम हो सके।