समाचार · मध्य प्रदेश
नीमच में दो पक्षों के बीच मारपीट, क्रॉस केस दर्ज:एक पक्ष ने लाठी-सरिए और दूसरे ने पिस्टल दिखाने का आरोप लगाया
नीमच सिटी थाना क्षेत्र के बिसलवास बामनिया में गुरुवार दोपहर एक ही समाज के दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें महावीर उर्फ फतेहलाल नागदा को चोटें आईं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। एक पक्ष ने लाठी-सरिए लेकर घूमने और रास्ता रोककर हमला करने की बात कही, जबकि दूसरे पक्ष ने पिस्टल दिखाकर डराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू की है। रणजीत बोले- लाठी-सरिए लेकर घूमते हैं आरोपी महावीर के छोटे भाई रणजीत नागदा ने दीपक नागदा पिता नंदकिशोर नागदा और लाला उर्फ बाबूलाल नागदा पिता प्रहलाद नागदा पर आरोप लगाए। रणजीत के मुताबिक, दोनों रात में उनके घर के सामने चक्कर लगाते हैं और लाठी-सरिए लेकर वाहनों में घूमते हैं। उन्होंने दावा किया कि इस गतिविधि के सीसीटीवी फुटेज उनके पास हैं। रणजीत ने आरोप लगाया कि गुरुवार दोपहर रास्ता रोककर विवाद किया गया और उनके भाई महावीर के साथ मारपीट की गई। उन्होंने अपने पक्ष पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को निराधार बताया। दीपक बोले- शादी में जाते समय की मारपीट दूसरे पक्ष के दीपक नागदा ने बताया कि वह शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी महावीर उर्फ फतेहलाल नागदा ने उनके साथ मारपीट की। दीपक का आरोप है कि उन्हें घर के सामने से नहीं निकलने की धमकी दी गई और झूठे मामले में फंसाने की बात कही गई। दीपक ने यह भी आरोप लगाया कि फतेहलाल कुछ साथियों के साथ पहुंचे और मारपीट के दौरान पिस्टल दिखाकर डराने की कोशिश की। उन्होंने फतेहलाल के तस्करी के मामले में जेल से छूटकर आने का भी जिक्र किया। पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया क्रॉस केस दोनों पक्षों ने नीमच सिटी थाने में शिकायत की। पुलिस ने मारपीट की धाराओं में दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाद की वजह और दोनों पक्षों के आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।