समाचार · हरियाणा
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत:सोहना में काम से जा रहे थे दोनों, मृतक पब्लिक हेल्थ का रिटायर्ड कर्मचारी था
गुरुग्राम जिले में सोहना के तिकोना पार्क के समीप शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पति की नागरिक अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव करौली निवासी सोहराब (60) और उनकी पत्नी खतीजा (58) के रूप में हुई है। सोहराब पब्लिक हेल्थ विभाग में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे और कुछ समय पहले ही रिटायर हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही गांव करौली में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ सोहना के नागरिक अस्पताल में जमा हो गई। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बाजार जाते समय ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर मृतक सोहराब के रिश्तेदार गांव दौलाह निवासी नसरू ने बताया कि सोहराब उनके जीजा थे। शुक्रवार सुबह सोहराब अपनी पत्नी खतीजा के साथ बाइक पर किसी जरूरी काम से सोहना बाजार आए थे। जब वे तिकोना पार्क के समीप पहुंचे, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में खतीजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सोहराब को नागरिक अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस हादसे से परिवार की खुशियां उजड़ गईं और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ट्रक कब्जे में, ड्राइवर की तलाश जारी हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है। जांच अधिकारी त्रिलोक ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उनके बयानों के आधार पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाए शव पुलिस ने दोनों शवों को सोहना के नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। हादसे की खबर गांव करौली पहुंचते ही ग्रामीणों में शोक छा गया। वहीं, अस्पताल में पहुंचे परिजन और ग्रामीण घटना से स्तब्ध नजर आए। एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।