Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

अगले 24 घंटे रहें सतर्क! झारखंड और बंगाल में बारिश का रेड अलर्ट

INT News14 August 2026 at 10:40 am

जमशेदपुर : झारखंड और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल पर मौसम का मिजाज तेजी से बदला है. गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा 'अवदाब' (डिप्रेशन ) पिछले 6 घंटों में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है.

शुक्रवार (14 अगस्त) की सुबह 05:30 बजे यह सिस्टम झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र के ऊपर 23.1° उत्तर अक्षांश और 86.0° पूर्व देशांतर के पास केंद्रित रहा. मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जमशेदपुर के उत्तर-उत्तर-पश्चिम से लगभग 40 किमी, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) में पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम से 50 किमी, रांची में पूर्व-दक्षिण-पूर्व से 70 किमी, हजारीबाग में दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम से 120 किमी, डाल्टनगंज में पूर्व-दक्षिण-पूर्व से 220 किमी है.

अगले 24 घंटों में कमजोर पड़ सकता है सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस अवदाब के अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड के अलग-अलग हिस्सों से गुजरते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है. राज्य के ऊपर से गुजरते समय यह धीरे-धीरे कमजोर होकर 'सुव्यक्त निम्न दबाव' (वेल मार्केड लौ प्रेशर एरिया ) के क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा.

बारिश को लेकर अलर्ट जारी

इस सिस्टम के असर से राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश दर्ज की जा सकती है. प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.