Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम में तेज रफ्तार वाहन ने तीन युवकों को कुचला:ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे, दो की मौत, एक गंभीर घायल

INT News25 October 2026 at 02:53 pm

गुरुग्राम में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिलासपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तावडू रोड पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार वाहन ने ड्यूटी से घर लौट रहे तीन युवकों को कुचल दिया। वे सड़क किनारे खड़े थे। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान मोहित और पंकज के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम मुकुल है। ये तीनों युवक तावडू के जौरासी गांव के रहने वाले थे। ई-कॉम वेयरहाउस के पास हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक दुर्घटना शनिवार रात करीब नौ बजे तावडू रोड पर स्थित एक 'ई-कॉम' नाम के लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस के पास हुई। हादसे का शिकार हुए तीनों युवक इसी वेयरहाउस में काम करते थे और अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे तीनों दोस्त

जौरासी गांव निवासी संजय ने बिलासपुर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। संजय ने बताया कि मोहित, पंकज और मुकुल शनिवार को अपनी शिफ्ट खत्म होने के बाद वेयरहाउस से बाहर निकले थे। घर जाने के दौरान वे तीनों सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तावडू रोड की तरफ से बेहद लापरवाही और तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो ने तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वेयरहाउस के अन्य कर्मचारियों और राहगीरों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मोहित और पंकज को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों को बेहद गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, तीसरे घायल युवक मुकुल की हालत नाजुक बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं, जिसके बाद जौरासी गांव में शोक का माहौल है। बिलासपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटनास्थल और उसके आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गाड़ी को ट्रेस कर फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।