Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मैहर के प्राचीन श्रीराम मंदिर में चोरी:चोरों ने ताला तोड़कर पीतल-तांबे की पूजा सामग्री चुराई, केस दर्ज

INT News1 August 2026 at 08:56 pm

मैहर शहर के हरनामपुर स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर भगवान श्रीराम की पूजा में उपयोग होने वाली पीतल, तांबा और अन्य धातुओं की सामग्री चुरा ली। शनिवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर के पुजारी जनार्दन मिश्रा ने बताया कि उन्होंने 30 जुलाई की रात लगभग 10 बजे नियमित पूजा के बाद मंदिर बंद किया था। शनिवार सुबह जब वे मंदिर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर भगवान की पूजा में उपयोग होने वाली कई सामग्री गायब पाई गई। चोरी हुई सामग्री में भगवान का आसन, फूल की थाली, घड़ियाल, दो बड़े घंटे, दो छोटी घंटियां और अन्य पूजा सामग्री शामिल है। पुजारी के अनुसार, चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 12 हजार रुपए है। यह सामग्री मुख्य रूप से पीतल, तांबा और अन्य धातुओं से बनी थी। पुजारी ने शनिवार को मैहर कोतवाली थाने में घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अब आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी हुए सामान को ढूंढने की मांग की है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।