समाचार · छत्तीसगढ़
कोरबा में कार-स्कूटी टक्कर,6 साल के बेटे-पिता की मौत:नशे में धुत ड्राइवर ने रौंदा परिवार, हादसे के बाद दूर तक घिसटी स्कूटी, मां गंभीर
कोरबा के रजगामार क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 वर्षीय बेटे और उसके पिता की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। यह घटना डुमरडीह जंगल के पास मुख्य मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार, ग्राम मौहार निवासी चैत राम राठिया अपनी पत्नी सुमित्रा राठिया और 6 वर्षीय बेटे दिशांत राठिया के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे डुमरडीह जंगल के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में मासूम दिशांत की मौके पर ही मौत हो गई। चैत राम और सुमित्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान पिता चैत राम राठिया ने भी दम तोड़ दिया। सुमित्रा राठिया की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार सवार लोग शराब के नशे में थे और वाहन बहुत तेज गति से चला रहे थे। टक्कर के बाद कार सवार कुछ देर मौके पर रुके और फिर फरार हो गए। सूचना मिलने पर रजगामार पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चैत राम राठिया के परिवार में कुल चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं। इस घटना से परिवार ने अपने कमाने वाले सदस्य और एक बच्चे को खो दिया है। गांव में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस मार्ग पर अक्सर नशे में तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई सख्ती नहीं बरती जाती है।