Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

कांवड़ियों पर लोहे का गर्डर गिरा, दो की मौत; फ्लाईओवर के नीचे कर रहे थे आराम; कल गंगनहर में 4 की डूबकर गई थी जान

INT News1 August 2026 at 09:42 pm

उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार को एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का लोहे का गर्डर गिरने से उसकी चपेट में आए उत्तर प्रदेश के दो कांवड़ियों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। कांवड़ यात्रा के दौरान दो दिन में यह दूसरा हादसा है।पुलिस ने बताया कि हादसा बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास शाम को हुआ जब दोनों फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे थे और अचानक उनके ऊपर लोहे का भारी गर्डर गिर पड़ा। दोनों कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई जिनकी पहचान गाजियाबाद जिले के रहने वाले 21 वर्षीय तनुज और 22 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है।गंगाजल लेकर लौट रहे थे, थकान लगी तो कर रहे थे आरामजानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त दोनों कांवड़िए हरिद्वार से गंगा जल लेकर वापस लौट रहे थे और कुछ देर आराम करने के लिए फ्लाईओवर के नीचे रुके थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद अन्य लोगों और कांवड़ियों ने दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने कहा - दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाईबहादराबाद पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कांवड़ियों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सुरक्षा मानकों के पालन और वहां लोहे का भारी गर्डर रखे जाने में हुई कथित लापरवाही की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।दो दिन में यह दूसरा बड़ा हादसातीस जुलाई को कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद से यह दूसरा हादसा है। इससे पहले शुक्रवार को ज्वालापुर क्षेत्र में गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के रहने वाले 16 से 18 साल की उम्र के चार नाबालिग कांवड़ियों की मौत हो गई थी।पुलिस ने बताया कैसे डूबे चार लड़केपुलिस के अनुसार, सभी मृतक कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार आए एक दल में शामिल थे और गंगा जल लेने के बाद वापस लौट रहे थे। लौटते समय रास्ते में जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर के घाट पर ये लोग स्नान करने के लिए रुके और इसी दौरान एक कांवड़िया डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन उन्हें भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा और वे चारों गंगनहर में लापता हो गए।