Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

धनबाद: डेढ़ करोड़ के अवैध लॉटरी टिकट मामले में एक गिरफ्तार, 5 पर केस

INT News1 August 2026 at 09:47 pm

प्रतिनिधि, चिरकुंडा (धनबाद)

चिरकुंडा थाना क्षेत्र के बाबूडंगाल स्थित बीसीसीएल के एक जर्जर आवास में संचालित अवैध लॉटरी टिकट की मिनी फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. मामले में पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. हिरासत में लिये गये संवालापुर (कालूबथान) निवासी स्वरूप मल्लिक को शनिवार को जेल भेज दिया गया.

वरीय अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ लीलेश्वर महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार शाम छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के अवैध लॉटरी टिकट, एक बुलेट बाइक, नौ प्रिंटर, दो बड़े जेरॉक्स मशीन, नौ पेपर स्टेपलर मशीन, तीन पेपर कटिंग मैट, बैटरी, इन्वर्टर, स्टेबलाइजर समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए. जब्त सामान को दो ट्रैक्टर पर लादकर थाना लाया गया.

पुलिस ने इस मामले में प्रकाश सिंह, भानुप्रताप सिंह, जय सिंह उर्फ पिंटा उर्फ भगत सिंह (सभी बाबूडंगाल मोड़), नन्हकू (पीठा क्यारी, निरसा) तथा स्वरूप मल्लिक (संवालापुर, कालूबथान) के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.

कई राज्यों में भेजे जाते थे जाली टिकट

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी स्वरूप मल्लिक ने पुलिस को बताया कि यहां छापे गये जाली लॉटरी टिकट झारखंड के विभिन्न शहरों के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओड़िशा और छत्तीसगढ़ में बिक्री के लिए भेजे जाते थे. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

पहले से आपराधिक मामलों में आरोपी हैं दो नामजद

पुलिस के अनुसार नामजद आरोपी प्रकाश सिंह और जय सिंह उर्फ भगत सिंह पहले भी कई आपराधिक मामलों में आरोपी रह चुके हैं. प्रकाश सिंह के खिलाफ पलामू, निरसा, चिरकुंडा और गिरिडीह में कई मामले दर्ज हैं, जबकि भगत सिंह के खिलाफ जामताड़ा और बिहार के गोपालगंज में भी केस दर्ज हैं.

प्रतिद्वंद्विता की भी चर्चा

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मुख्य आरोपी प्रकाश सिंह का परिवार उसी बीसीसीएल आवास के समीप रहता है, जिसके कारण लंबे समय तक इस अवैध कारोबार का खुलासा नहीं हो सका. क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े दूसरे सिंडिकेट के साथ प्रतिद्वंद्विता के कारण इस फैक्ट्री की सूचना पुलिस तक पहुंची. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

छापेमारी अभियान में एसडीपीओ लीलेश्वर महतो, थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, एसआई अर्जुन कुमार सिंह, एसआई पवन कुमार राणा, एसआई मुकेश कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे.

ये भी पढ़ें...

JPSC Students Protest: रांची में लंबा खिंचेगा आंदोलन, छात्रों को मिल गया नया मंच

साइबर ठगों के निशाने पर लोहरदगा डीसी, फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर भेजे जा रहे भ्रामक संदेश