Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

लूट के 3 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार:टिमरनी में सोने की चेन, 2 मोबाइल और नगदी बरामद

INT News1 August 2026 at 09:41 pm

हरदा जिले की टिमरनी पुलिस ने मूंग बेचकर लौट रहे दो लोगों से लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से सोने की चेन, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। यह घटना 31 जुलाई की रात को हुई थी। बहरागांव निवासी धीरज पटेल अपने साले मनीष के साथ टिमरनी के वेयर हाउस में मूंग बेचकर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे सोडलपुर नहर के पास उषा बंजारा, नरेंद्र सोलंकी, अजय बंजारा और विजय नायक ने उनकी बाइक रोकी। उषा और नरेंद्र ने धीरज से 3000 रुपये और एक रेडमी मोबाइल फोन छीन लिया। मनीष ने जब विरोध किया, तो अजय और विजय ने उससे 2000 रुपये, एक रियलमी मोबाइल और एक सोने की चेन लूट ली। लूटे गए कुल सामान की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों ने विरोध करने पर पीड़ितों के साथ मारपीट भी की। 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे और उनकी बाइक भी ले गए थे। टिमरनी थाने में अपराध क्रमांक 440/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा और एसडीओपी आकांक्षा तलया के निर्देशन में एक टीम गठित की गई। थाना प्रभारी मुकेश गौड़ के नेतृत्व में टीम ने 1 अगस्त को घेराबंदी कर उषा बंजारा उर्फ कैटरीना (31 वर्ष), अजय बंजारा (23 वर्ष) और विजय नायक को सोडलपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से दो पर्स, नकदी, सोने की चेन और मोबाइल फोन जब्त किए गए। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। इस मामले का चौथा आरोपी नरेंद्र सोलंकी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।