Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दुष्कर्म का आरोपी धार अस्पताल से फरार:मेडिकल परीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड से भागा, तलाश जारी

INT News1 August 2026 at 09:41 pm

धार जिला अस्पताल में शनिवार शाम दुष्कर्म का एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए लाया गया था, तभी वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। कोतवाली थाना पुलिस दुष्कर्म के आरोपी को मेडिकल कराने जिला अस्पताल पहुंची थी। पुलिसकर्मी जैसे ही मेडिकल पर्ची बनवाने काउंटर पर गए, आरोपी इमरजेंसी वार्ड से मौका पाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की पहचान विजय पिता बद्रीलाल, निवासी बंजारी थाना नालछा के रूप में हुई है। कोतवाली थाना पुलिस ने उसे दुष्कर्म के एक मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में आरोपी को इमरजेंसी वार्ड में बैठाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल परिसर, आसपास के क्षेत्रों और संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। देर रात तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।