Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

VIDEO: हिरासत के बाद राहुल-प्रियंका गांधी रिहा, नई पुलिस लाइन से रवाना

INT News6 October 2026 at 10:39 pm

INDIA Bloc Protest: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद रिहा कर दिया है. सभी नेता किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन से रवाना हो गए. रिहाई के बाद कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, बवाल तो अब शुरू हुआ है. ज्ञानेश कुमार पछताएगा कि आज मिला क्यूं नहीं...आगे आगे देखिए क्या होता है.

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को आकाशवाणी भवन में विरोध-प्रदर्शन किया था. इसी दौरान पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस समेत कुछ सहयोगी दलों के नेताओं को हिरासत में लिया. पुलिस ने विपक्षी सांसदों को करीब दो घंटे हिरासत में रखा.

न्यू पुलिस लाइन ले जाए गए थे विपक्षी सांसद

हिरासत के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA ब्लॉक के अन्य सांसदों को किंग्सवे कैंप की न्यू पुलिस लाइन लाया गया था. बाद में पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया, जिसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वहां से रवाना हो गए.

करीब आठ घंटे धरना स्थल पर बैठे रहे राहुल-प्रियंका

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा करीब आठ घंटे तक आकाशवाणी भवन परिसर में धरना स्थल पर बैठे रहे. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने दोनों नेताओं समेत अन्य विपक्षी सांसदों को बस में बैठाकर वहां से किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन पहुंचाया.

निर्वाचन आयोग तक मार्च निकाल रहे थे विपक्षी सांसद

इससे पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के सांसदों ने मंगलवार को संसद मार्ग से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक मार्च निकाला. पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया और कई सांसदों व नेताओं को हिरासत में ले लिया.

विपक्षी दलों का यह प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर है. विपक्षी नेता चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर अपनी आपत्तियां उठा रहे हैं.

विपक्ष की क्या है मांग?

विपक्षी दलों की प्रमुख मांग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और SIR की प्रक्रिया को रद्द करने की है. इस मुद्दे पर मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक मार्च करने की कोशिश की थी.

वहीं, निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें किसी राजनीतिक दल की ओर से आयोग के साथ बैठक के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है.

ये भी पढ़ें: SIR के खिलाफ आंदोलन में राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- मोदी, शाह, ज्ञानेश और मोहन भागवत बच नहीं पाएंगे