Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हिसार की पैरा एथलीट एकता भ्याण को अर्जुन अवॉर्ड:राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित, हादसे के बाद व्हीलचेयर पर पहुंचीं खेल मैदान

INT News14 November 2026 at 09:58 pm

सड़क हादसे में दोनों पैरों की क्षमता प्रभावित होने के बाद भी हिसार की एकता भ्याण ने हौसला नहीं खोया। व्हीलचेयर पर जिंदगी शुरू होने के बाद उन्होंने खेलों को अपना लक्ष्य बनाया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया। इस पैरा एथलीट को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में अर्जुन अवॉर्ड प्रदान किया। पैरा एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिले इस सम्मान के साथ ही एकता की करीब एक दशक की खेल यात्रा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। सेक्टर 1-4 निवासी एकता फिलहाल हिसार के रोजगार विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स के अलावा विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी पदक जीते हैं। उनकी उपलब्धियों ने हरियाणा के पैरा खेलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। एकता हरियाणा की पहली पैरा खिलाड़ी हैं, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अवॉर्ड मिलने पर एकता ने कहा कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से इस सम्मान का इंतजार कर रही थीं। लगातार मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम अब मिला है। यह उनके लिए बेहद खुशी का पल है। सड़क हादसे ने बदली जिंदगी, खेलों ने दिलाई पहचान एकता वर्ष 2003 में दिल्ली जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं। हादसे के बाद उन्हें व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ा। इस मुश्किल दौर में परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय खुद को मजबूत किया। वर्ष 2013 में रोजगार विभाग में नौकरी मिली और 2016 में उन्होंने खेलों की दुनिया में कदम रखा। ट्यूनिशिया में क्लब थ्रो में स्वर्ण और डिस्कस थ्रो में रजत पदक जीता इसके बाद एकता ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वर्ष 2016 में बर्लिन में आयोजित आईपीसी ग्रैंड प्रिक्स में क्लब थ्रो में रजत पदक जीता। वर्ष 2018 में ट्यूनिशिया में क्लब थ्रो में स्वर्ण और डिस्कस थ्रो में रजत पदक हासिल किया। इसी वर्ष जकार्ता में एशियाई पैरा गेम्स में क्लब थ्रो में स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2019 में दुबई में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक-2020 के लिए क्वालिफाई किया। इसके बाद 2023 में हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स में कांस्य और पेरिस विश्व चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीता। वर्ष 2024 में जापान के कोबे में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 2025 में नई दिल्ली में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा। स्कूलों में सुविधाएं मिलें तो आगे आएंगी नई प्रतिभाएं एकता का कहना है कि दिव्यांग खिलाड़ियों को स्कूल स्तर से ही खेलों की मूलभूत सुविधाएं और उचित मार्गदर्शन मिलना चाहिए। इससे शुरुआती दौर में ही प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जा सकता है। खेलो इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम जैसी योजनाओं से पैरा खिलाड़ियों को भी अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पैरा खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और आने वाले समय में अधिक खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।