समाचार · मध्य प्रदेश
दिग्विजय बोले- वोट डालने का अधिकार छीना जा रहा:मतदान सूची से जानबूझकर नाम काटे जा रहे, बैलेट पेपर से हो चुनाव
अशोकनगर में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' शनिवार को जिले के पिपरिया गांव से शुरू हुई। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया और देर शाम यह यात्रा अशोकनगर शहर पहुंची। इसके बाद शहर के तुलसी पार्क में एक आमसभा हुई, जिसमें दिग्विजय सिंह ने वोट के अधिकार, चुनाव प्रक्रिया और अंधविश्वास को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। दिग्विजय सिंह ने कहा कि 1947 के बाद राजा-महाराजाओं का दौर खत्म हो चुका है। आज देश में न कोई राजा है और न ही कोई महाराजा, बल्कि जनता ही असली राजा है। उन्होंने कहा कि संविधान के जरिए कांग्रेस ने हर नागरिक को बराबरी का हक दिया है। आज एक गरीब मजदूर के वोट की भी उतनी ही कीमत है, जितनी किसी बड़े उद्योगपति के वोट की। जनता अपने एक वोट की ताकत से बड़े से बड़े नेता को भी कुर्सी से उतार सकती है। वोट चोरी का लगाया आरोप, बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि आज आम लोगों से उनका वोट डालने का अधिकार छीना जा रहा है। वोटर लिस्ट से जानबूझकर नाम काटे जा रहे हैं और एक ही परिवार के माता-पिता व बच्चों के नाम अलग-अलग वार्डों में डाल दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि देश में बड़े स्तर पर 'वोट चोरी' हो रही है, जिसे राहुल गांधी ने भी उठाया है। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग को डिजिटल वोटर लिस्ट देनी चाहिए ताकि फर्जीवाड़ा पकड़ा जा सके। इसके साथ ही उन्होंने ईवीएम (EVM) की जगह पुराने तरीके यानी बैलेट पेपर (मतपत्र) से चुनाव कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि हर नागरिक के तीन मुख्य हक हैं- वोटर लिस्ट में नाम होना, अपनी पसंद के नेता को वोट देना और उस वोट की सही गिनती होना। इन्हीं अधिकारों को बचाने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। कथावाचकों पर कसा तंज- बेलपत्र चढ़ाने से पास होते, तो खुद का बेटा फेल न होता धर्म और पढ़ाई-लिखाई के मुद्दे पर बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने कुछ कथावाचकों पर भी तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजकल कुछ कथावाचक मंच से यह कह देते हैं कि बच्चों को पढ़ाई करने की जरूरत नहीं है, बस परीक्षा देने जाते समय भगवान शंकर को बेलपत्र चढ़ा दो तो पास हो जाओगे। इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब ऐसी बातें कहने वाले कथावाचक के खुद के बेटे ने परीक्षा दी, तो वह भी फेल हो गया।