entertainment
'मातृभूमि' पर सलमान खान ने AI-VFX पर ट्रोल करने वालों को दिया करारा जवाब, बोले- 'सैनिकों का दर्द..."

Salman Khan Matrubhoomi VFX Controversy: सलमान खान (Salman Khan) की आने वाली फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' (Maatrubhumi: May War Rest in Peace) का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है. किसी को ट्रेलर की लंबाई पसंद नहीं आई, तो कुछ लोगों ने फिल्म के VFX और AI के इस्तेमाल पर सवाल उठाए. अब इन आलोचनाओं पर सलमान खान ने खुलकर अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि फिल्म को सिर्फ तकनीक के नजरिए से देखने के बजाय उन सैनिकों के संघर्ष और उनके परिवारों के दर्द को समझना चाहिए.
ट्रेलर 20 बार देखा, तभी इतनी बातें!
आपको बता दें कि ट्रेलर की लंबाई पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए सलमान ने आलोचकों पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग ट्रेलर को बहुत लंबा बता रहे हैं और कह रहे हैं कि इसमें पूरी फिल्म दिखा दी गई है. ऐसे लोगों से सलमान ने पूछा कि अगर ट्रेलर इतना लंबा था, तो उन्होंने इसे कितनी बार देखा? एक्टर ने कहा कि ट्रेलर में क्या दिखाया गया और क्या नहीं, इस पर इतनी बारीकी से राय देने के लिए उसे कम से कम 15 से 20 बार देखा होगा. इसके लिए उन्होंने आलोचकों का शुक्रिया भी अदा किया.
AI और VFX पर उठाए सवाल
ऐसे में फिल्म के AI और VFX को लेकर हो रही आलोचना पर सलमान ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि लोगों ने सिर्फ ट्रेलर देखकर ही फिल्म के बारे में फैसला सुना दिया है. एक्टर ने सवाल किया कि AI के इस्तेमाल का आरोप लगाने वाले लोग क्या इस तकनीक के विशेषज्ञ हैं? सलमान के मुताबिक, फिल्म का मकसद देश के सैनिकों और उनके परिवारों की कहानियों को सामने लाना है, लेकिन चर्चा फिल्म के असली मुद्दे से हटकर AI और VFX पर पहुंच गई है.
सैनिकों के दर्द पर ध्यान देने की अपील
सलमान ने बताया कि फिल्म की शूटिंग असली लोकेशन पर हुई है और पूरी टीम ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत की है. उन्होंने दर्शकों से अपील की कि फिल्म देखने के दौरान AI और VFX की तलाश करने के बजाय सैनिकों की तकलीफ, उनके परिवारों और बच्चों के बारे में सोचें. एक्टर का कहना है कि फिल्म का असली मकसद सैनिकों की जिंदगी और उनके संघर्ष को पर्दे पर दिखाना है.
सलमान के करियर की सबसे मुश्किल शूटिंग
एक्टर ने शूटिंग के अनुभव को याद करते हुए बताया कि यह उनके करियर की सबसे ज्यादा शारीरिक मेहनत वाली फिल्म रही है. इसके बावजूद टीम के किसी भी सदस्य ने शिकायत नहीं की. सलमान ने कहा कि जब असली सैनिक इतनी कठिन परिस्थितियों का सामना कर सकते हैं, तो फिल्म की टीम की भी यह कोशिश होनी चाहिए कि वह उनके संघर्ष को पर्दे पर ईमानदारी से दिखा सके.
गलवान घाटी की घटना से प्रेरित है फिल्म
'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से चर्चा में थी. इसकी कहानी 15 जून 2020 को पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है. अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सलमान खान ने अपने प्रोडक्शन हाउस सलमान खान फिल्म्स के तहत प्रोड्यूस किया है. इसमें चित्रांगदा सिंह सलमान की पत्नी के किरदार में नजर आएंगी. फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
ट्रेलर पर क्यों मचा बवाल?
10 नवंबर को रिलीज हुए फिल्म के 4 मिनट 35 सेकंड के ट्रेलर पर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं. कुछ लोगों ने इसे जरूरत से ज्यादा लंबा बताया. वहीं, कुछ दर्शकों ने सलमान के लुक को AI से तैयार बताया और VFX की गुणवत्ता पर सवाल उठाए. अब सलमान के जवाब के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें: Salman Khan ने Shraddha Kapoor से मांगी माफी, 'मातृभूमि' और 'ईठा' के क्लैश पर कही ये बात