समाचार · पंजाब
गर्भवती की मौत, पति हिरासत में लेकर छोड़ा
| जालंधर थाना 8 के अंतर्गत आते संतोखपुरा पेट्रोल पंप के पास शनिवार रात 22 वर्षीय विवाहिता दलबीर कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के समय महिला गर्भवती थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात दलबीर को गिरते देख उसके ससुर ने रोला डाला, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। उसे तुरंत नजदीकी कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मूल रूप से होशियारपुर के चगरा गांव की रहने वाली दलबीर कौर का विवाह लगभग 3 साल पहले लखनप्रीत से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि लखनप्रीत नशे का आदी था और कोई काम नहीं करता था, जिस कारण घर में अक्सर विवाद रहता था। अस्पताल में शव देखने के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला के गले पर कसने के निशान थे, जिससे गला घोंटकर हत्या करने का संदेह जताया जा रहा है। बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार किया : घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया था। हालांकि, मामले में मोड़ तब आया जब मृतका की मां कमलेश कुमारी ने यह कहते हुए शिकायत वापस ले ली कि अब कानूनी कार्रवाई से उनकी बेटी वापस नहीं आएगी। शिकायत वापस लिए जाने के कारण शव का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच नहीं कराई गई तथा अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल, परिजनों द्वारा केस वापस लेने के बाद यह मामला बिना किसी पुलिस जांच के शांत हो गया है।