समाचार · मध्य प्रदेश
रतलाम में एक ही रात में चार बाइक चोरी:सुबह रहवासी उठे तो घर के बाहर से गायब मिली; सीसीटीवी में कैद हुए 4 संदिग्ध, एक बाइक ले जाते दिखा चोर
रतलाम के डीडी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक ही कॉलोनी से चार बाइक चोरी हो गईं। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध नजर आए हैं। इनमें एक युवक बाइक ले जाते हुए भी दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह रहवासियों ने घरों के बाहर देखा तो बाइक गायब मिलीं। प्राइवेट फैक्टरी में काम करने वाले भूपेंद्रसिंह पंवार निवासी सागोद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घर के बाहर खड़ी थीं चारों बाइक भूपेंद्रसिंह ने रिपोर्ट में बताया कि वे वर्तमान में सूरजश्री कॉलोनी में अपनी काकी के यहां रहते हैं। सोमवार रात करीब 10.30 बजे उन्होंने अपनी बाइक (MP 43 ZC 1846) घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह 6 बजे उठकर देखा तो बाइक गायब थी। इसी तरह पड़ोसी नरसिंह कटारा की बाइक (MP 43 DP 9436), संदीप कुमावत के घर के सामने खड़ी बाइक (MP 43 ED 7814) और योगेश चौहान की बाइक (MP 09 VY 6872) भी चोरी हो गई। एक चोर बाइक ले जाते दिखा सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध रात के समय कॉलोनी में घूमते नजर आ रहे हैं। इनमें एक ने खुद को दरी से ढक रखा है। फुटेज में एक संदिग्ध बाइक ले जाते हुए भी दिखाई दे रहा है। रहवासियों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं। एक ही कॉलोनी में आसपास के मकानों के बाहर से चार बाइक चोरी होने के बाद रहवासियों में चिंता है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। गल्ले से रुपए निकालते युवक को पकड़ा इधर, डीडी नगर थाना क्षेत्र की हाट की चौकी के सामने गायत्री मल्टीप्लेक्स के पास एक किराना दुकान के गल्ले से रुपए निकालते युवक को लोगों ने पकड़ लिया। किराना दुकान संचालक कैलाश पालीवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उनकी पत्नी भगवान की पूजा कर रही थीं और वे दुकान में सामान जमा कर रहे थे। इसी दौरान पत्नी की नजर गल्ले से रुपए निकाल रहे युवक पर पड़ी। शोर मचाने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। युवक हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान भीड़ जमा हो गई। लोगों ने उसके हाथ रस्सी से बांधकर खंभे से बांध दिए और पुलिस को सूचना दी। पालीवाल के अनुसार, युवक पकड़े जाने के बाद भी भागने का प्रयास कर रहा था और झूमाझटकी कर रहा था। शांतिभंग में केस, आरोपी जेल भेजा कैलाश पालीवाल के अनुसार, युवक ने गल्ले से करीब 2 हजार रुपए निकाले थे, जो वापस मिल गए। इस कारण उन्होंने चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि बाइक चोरी के आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाई गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। वहीं, गायत्री मल्टीप्लेक्स क्षेत्र की किराना दुकान में हुई घटना में दुकान संचालक ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। पुलिस ने आरोपी यश उर्फ अप्पा (24), पिता राजेश चौहान, निवासी अलकापुरी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।