समाचार · मध्य प्रदेश
5 माह में हटे PWD के प्रभारी प्रमुख अभियंता:कमजोर परफार्मेंस के चलते हटाए गए, शालिगराम को मिली जिम्मेदारी
जबलपुर में पदस्थ रहे आरएल वर्मा को प्रमुख अभियंता बनाने के पांच महीने बाद राज्य सरकार ने उन्हें हटा दिया है। वर्मा के स्थान पर अब शालिगराम बघेल को नया प्रभारी प्रमुख अभियंता बनाया है। वर्मा के कमजोर परफार्मेंस और निर्माण कार्यों में सरकार की प्राथमिकता के आधार पर काम नहीं कर पाने की बदौलत यह कार्यवाही की गई है। लोक निर्माण विभाग ने विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए तीन अधीक्षण यंत्रियों के तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण एवं नए पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। शुक्रवार को जारी आदेश में अधीक्षण यंत्री शालिग राम बघेल को प्रभारी प्रमुख अभियंता (भवन), लोक निर्माण विभाग भोपाल से स्थानांतरित कर प्रभारी प्रमुख अभियंता (बीएंडआर), लोक निर्माण विभाग भोपाल पदस्थ किया गया है। इसी तरह, अधीक्षण यंत्री रामलाल वर्मा को प्रभारी प्रमुख अभियंता (बीएंडआर), लोक निर्माण विभाग भोपाल से स्थानांतरित कर प्रभारी मुख्य अभियंता मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम पदस्थ किया है। उनकी सेवाएं प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं सौंपने के आदेश दिए गए हैं। बताया जाता है कि सीएम कार्यालय तक वर्मा के कमजोर परफार्मेंस की शिकायत पहुंचने और सरकार की प्राथमिकता पर अपेक्षित एक्शन नहीं हो पाने की वजह से यह बदलाव किया गया है। वहीं, अधीक्षण यंत्री योगेन्द्र सिंह बागोले को प्रभारी मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, उज्जैन परिक्षेत्र उज्जैन से स्थानांतरित कर प्रभारी प्रमुख अभियंता (भवन), लोक निर्माण विभाग भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जून में मुख्य अभियंता जबलपुर से भोपाल आए थे वर्मा आरएल वर्मा जून 2026 में मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रभारी प्रमुख अभियंता बनाए गए थे। वे लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह के क्षेत्र जबलपुर में मुख्य अभियंता के रूप में पदस्थ थे और उन्हें सीधे प्रभारी प्रमुख अभियंता बनाया गया था। वर्मा को केपीएस राणा के स्थान पर अस्थायी प्रभारी प्रमुख अभियंता बनाया गया था। उधर, लोक निर्माण विभाग ने एक अन्य आदेश में प्रभारी प्रमुख अभियंता मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम केपीएस राणा की सेवाएं वापस ले लीं। उनकी सेवाएं अब प्रतिनियुक्ति पर भवन विकास निगम को सौंपी गई हैं। वह यहां भी प्रभारी प्रमुख अभियंता रहेंगे।