Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

आंगनबाड़ी से लौटते समय दो मासूम नाले में डूबे:जबलपुर के शिलपुरी गांव की घटना, शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शुरू की थी तलाश

INT News1 August 2026 at 08:45 pm

जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के शिलपुरी गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे में आंगनबाड़ी से घर लौट रहे दो पांच वर्षीय मासूमों की नाले में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे घर जाने के बजाय गांव के बाहर स्थित एक बड़े नाले में नहाने चले गए, जहां गहरे पानी में चले जाने से उनकी जान चली गई। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे दोपहर करीब 3 बजे आंगनबाड़ी से निकले थे। रास्ते में वे गांव के बाहर स्थित नाले पहुंच गए और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। शाम करीब 5 बजे तक जब दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सबसे पहले आंगनबाड़ी पहुंचकर जानकारी ली, लेकिन वहां से कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच गांव के कुछ बच्चों ने बताया कि दोनों को नाले की ओर जाते देखा था। नाले के किनारे पर मिली चप्पल व कपड़े परिजन और ग्रामीण जब नाले पहुंचे तो किनारे पर बच्चों के कपड़े और चप्पल रखे मिले। इससे आशंका हुई कि दोनों पानी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से नाले में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब शाम 6 बजे दोनों बच्चों के शव नाले के भीतर झाड़ियों में फंसे मिले। उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चों की पहचान साहिल परस्ते और रोमिक पट्टा (प्रारंभिक जानकारी के अनुसार) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब पांच वर्ष बताई गई है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में शोक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे शिलपुरी गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और तालाब के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। ये खबर भी पढ़ें… जबलपुर के तिलवारा घाट के तेज बहाव में डूबा युवक जबलपुर के तिलवारा घाट पर नर्मदा नदी में नहाते समय एक युवक डूब गया। स्थानीय नाविकों ने उसके छोटे भाई को सकुशल बचा लिया। यह घटना मानेगांव (रांची) के दो भाइयों के साथ हुई, जो अपनी बुआ के घर आए हुए थे। पुलिस के अनुसार, डूबे हुए युवक की पहचान 19 वर्षीय संदेश कोल के रूप में हुई है, जबकि बचाए गए किशोर की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है। दोनों दोपहर करीब 3 बजे तिलवारा घाट पर नहाने पहुंचे थे।पूरी खबर पढ़ें