Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

राजगढ़ में झमाझम बारिश से बदला मौसम:जिले में सामान्य से 39% ज्यादा वर्षा, 8 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

INT News4 July 2026 at 03:44 pm

राजगढ़ में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान रहे। दोपहर करीब 2 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। कुछ ही देर में आसमान पर घने बादल छा गए और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते पूरे शहर में बारिश होने लगी। खबर लिखे जाने तक बारिश जारी थी। लगातार बारिश से शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। बाजारों में लोगों को दुकानों की छतों के नीचे रुकना पड़ा। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश से उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। 8 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने राजगढ़ जिले के लिए 8 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। सामान्य से 39% ज्यादा बारिश मौसम विभाग के अनुसार, इस मानसून में अब तक राजगढ़ जिले में 195.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 140.4 मिमी मानी जाती है। यानी जिले में अब तक सामान्य से 39 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक जिले में रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।