समाचार · पंजाब
पठानकोट में 20 दिन से नाले का जंगला चोरी:बारिश में जलस्तर बढ़ने से हादसे का खतरा; समस्या बरकरार रहने पर लोगों में रोष
पठानकोट के मोहल्ला लमीनी विश्वकर्मा नगर में पिछले 15 से 20 दिनों से नाले पर लगा लोहे का जंगला चोरी हो गया है। इसके कारण नाला पूरी तरह खुला पड़ा है, जिससे राहगीरों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। लगातार हो रही बारिश से स्थिति और बिगड़ गई है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन की इस लापरवाही के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। मोहल्लावासियों के अनुसार, बरसाती मौसम में बारिश के कारण जब नाला पानी से भर जाता है, तो उसमें बना गहरा गड्ढा पूरी तरह छुप जाता है। इससे दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। बाहर से आने वाले वाहन चालकों को गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में गाड़ियां, दोपहिया वाहन और ऑटो नाले में गिरने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, मोहल्ले के छोटे बच्चों और जानवरों के भी इस खुले नाले में गिरने का डर हमेशा बना रहता है। विक्की, भोलू और अन्य स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन को इस संबंध में 3-4 बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने जताई नाराजगी
लोगों ने बताया:"15 से 20 दिन हो चुके हैं जंगला चोरी हुए और गड्ढा पडे़। हम 3 से 4 बार इस समस्या को लेकर आवाज उठा चुके हैं और शिकायत कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन का कोई भी अधिकारी इसे सुनने या देखने नहीं आया। अगर किसी जगह काम के लिए या किसी कारण गड्ढा खोदा या जंगला हटाया जाता है, तो उसे तुरंत ठीक करना चाहिए। लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी न तो नया जंगला लगाया गया और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए।"अगर कोई हादसा हुआ, तो जिम्मेदार होगा प्रशासन"