समाचार · पंजाब
लुधियाना में बड़ा हादसा:फील्ड गंज में AAP नेता के गोदाम में लगी भीषण आग, लोगो का आरोप अवैध रूप से रखे गए थे पटाखे; पुलिस जांच में जुटी
लुधियाना के भीड़भाड़ वाले फील्ड गंज इलाके में उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब यहां स्थित एक गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस गोदाम में अवैध (नजायज) रूप से भारी मात्रा में पटाखों का स्टॉक जमा करके रखा गया है जिसकी वजह से आग ने इतना विकराल रूप ले लिया। सूत्रों के हवाले से जो सबसे बड़ी बात सामने आ रही है वह यह है कि जिस गोदाम में यह हादसा हुआ है वह सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के एक स्थानीय नेता का बताया जा रहा है।
घनी आबादी में अवैध जखीरा: लोगों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर रिहायशी इलाके के बीच पटाखों का इतना बड़ा स्टॉक रखा गया था,जो किसी बड़े जानमाल के नुकसान को न्योता देने जैसा था। सत्ताधारी नेता के नाम की चर्चा: गोदाम के AAP नेता का होने की बातों ने इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस और दमकल विभाग एक्शन में: घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने की जद्दोजहद में लगी हुई हैं। वहीं स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की बारीकी से तफ्तीश कर रही है कि गोदाम का असली मालिक कौन है और क्या सच में वहां बिना परमिशन के पटाखों का अवैध भंडारण किया जा रहा था।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।