Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

क्रिकेटर बनने का था सपना लेकिन किस्मत ने बदल दिया रास्ता, चोट से जूझते हुए तेजस्विन ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

INT News1 August 2026 at 08:57 am

Tejaswin Shankar: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में तेजस्विन शंकर ने भारतीय एथलेटिक्स के लिए ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले कोई भारतीय नहीं कर पाया था. ग्लासगो में उन्होंने पुरुष डेकाथलॉन में 7976 अंक जुटाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता और इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए. खास बात यह रही कि सिर्फ दो दिन पहले घुटने की पुरानी चोट (पैटेलर टेंडिनाइटिस) के कारण वह अपने पसंदीदा हाई जंप इवेंट से बाहर हो गए थे. दर्द के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और 10 कठिन स्पर्धाओं को पूरा कर इतिहास रच दिया.

मेरे लिए बेहद खास पल

मेडल जीतने के बाद तेजस्विन ने कहा, 'चार साल पहले बर्मिंघम में हाई जंप में ब्रॉन्ज जीता था और अब डेकाथलॉन में पदक जीतना किसी सपने के सच होने जैसा है. लिंडन विक्टर और डेमियन वार्नर जैसे दिग्गजों के साथ पोडियम पर खड़ा होना मेरे लिए बेहद खास पल है.'

क्रिकेटर बनना चाहते थे शंकर

21 दिसंबर 1998 को दिल्ली में जन्मे तेजस्विन का पहला सपना क्रिकेटर बनने का था. वह तेज गेंदबाज बनना चाहते थे. उनके पिता हरीशंकर बीसीसीआई के वकील थे और घर में क्रिकेट का माहौल था. लेकिन कम उम्र में ही पिता का ब्लड कैंसर से निधन हो गया. इस हादसे ने उनकी जिंदगी बदल दी. स्कूल के दिनों में सरदार पटेल विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक सुनील कुमार ने उनके लंबे कद और एथलेटिक क्षमता को पहचाना. उन्होंने तेजस्विन को क्रिकेट छोड़कर हाई जंप अपनाने की सलाह दी.

16 साल की उम्र में बनाया रिकॉर्ड

महज 16 साल की उम्र में उन्होंने 2.18 मीटर की छलांग लगाकर 12 साल पुराना राष्ट्रीय इंडोर रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसके बाद उन्हें अमेरिका की कैनसस स्टेट यूनिवर्सिटी में छात्रवृत्ति मिली, जहां उन्होंने 2018 में 2.29 मीटर की छलांग लगाकर भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया. वह दो बार NCAA डिवीजन-1 हाई जंप चैंपियन भी बने.

Also Read: मेरी वापसी सही दिशा में, जानिए CWC में सिल्वर मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने क्या कहा

इस स्पर्धा का पहला मेडल

ग्लासगो 2026 में चुनौती और भी बड़ी थी. घुटने की चोट के कारण हाई जंप से हटना पड़ा, लेकिन उन्होंने डेकाथलॉन में उतरने का फैसला किया. शुरुआत में उन्हें खुद भरोसा नहीं था कि शरीर 10 इवेंट तक साथ देगा. फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार भारत को इस स्पर्धा का पहला कॉमनवेल्थ मेडल दिला दिया.

PM मोदी ने X पर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेजस्विन शंकर की उपलब्धि पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, भारतीय खिलाड़ी लगातार इतिहास रच रहे हैं और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं. ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुष डेकाथलॉन में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर तेजस्विन शंकर को बधाई. उन्होंने 10 स्पर्धाओं में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया. भविष्य के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं.

Also Read: बांस के भाले से शुरू हुआ सफर... आखिरी थ्रो में यशवीर सिंह ने जीता ब्रॉन्ज